June 5, 2026 |

BREAKING NEWS

Businessदेशब्रेकिंग

10 दिन में तीसरी मार: CNG फिर महंगी, पेट्रोल-डीजल के दाम भी बढ़े; कांग्रेस ने केंद्र सरकार को घेरा

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

CNG Rate Hike News: नई दिल्ली। देश में लगातार बढ़ती महंगाई के बीच आम लोगों को एक और झटका लगा है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद अब सीएनजी (CNG) के दाम भी बढ़ा दिए गए हैं। बीते 10 दिनों में यह तीसरी बार है, जब सीएनजी की कीमतों में इजाफा किया गया है। नई दरों के अनुसार अब दिल्ली में सीएनजी की कीमत 81.09 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है। इस बार सीएनजी के दाम में 1 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई है।

10 दिनों में CNG हुई 4 रुपये महंगी

सरकार ने 15 मई को सीएनजी की कीमतों में 2 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की थी। इसके बाद 18 मई को 1 रुपये और अब फिर 1 रुपये प्रति किलो का इजाफा किया गया है। यानी बीते 10 दिनों में सीएनजी कुल 4 रुपये प्रति किलो महंगी हो चुकी है।

पेट्रोल-डीजल के दामों में भी बढ़ोतरी

इसी बीच पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पेट्रोल 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा हुआ है। नई कीमतों के बाद दिल्ली में पेट्रोल 99.51 रुपये प्रति लीटर और डीजल 92.49 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है।

इससे पहले 15 मई को पेट्रोल और डीजल के दामों में 3-3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी, जबकि 19 मई को भी पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे महंगा हुआ था। इस तरह पिछले 10 दिनों में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगभग 5 रुपये प्रति लीटर तक का इजाफा हो चुका है।

कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर बोला हमला

ईंधन की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, “महंगाई मैन मोदी ने पेट्रोल-डीजल पर 9 दिन में 5 रुपए बढ़ा दिए। आज फिर पेट्रोल 94 पैसे और डीजल 95 पैसे महंगा कर दिया गया। मोदी सरकार को सिर्फ तेल कंपनियों के मुनाफे की चिंता है, जबकि आम जनता महंगाई की मार झेल रही है।”

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि दुनिया के कई देश अपनी जनता को राहत देने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि केंद्र सरकार लगातार आम लोगों पर बोझ बढ़ा रही है।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles