September 14, 2026 |

BREAKING NEWS

ब्रेकिंगमध्यप्रदेश

Damoh News: “नेता-कर्मचारी गरीबों से पैसे खा रहे..” भाजपा विधायक जयंत मलैया का बड़ा बयान, वीडियो वायरल, जानें क्यों कहा ऐसा

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में जयंत मलैया प्रशासनिक अव्यवस्था और भ्रष्टाचार को लेकर नाराजगी जताते नजर आ रहे हैं।

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

दमोह। मध्यप्रदेश के राजनीतिक गलियारों में दमोह और बुंदेलखंड की सियासत की बात हो तो भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री जयंत मलैया का नाम प्रमुखता से लिया जाता है। अपनी सौम्य छवि और बेबाक अंदाज के लिए पहचाने जाने वाले जयंत मलैया इन दिनों अपनी ही सरकार और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर दिए गए बयानों के चलते सुर्खियों में हैं। वहीं, पथरिया से भाजपा विधायक और कैबिनेट मंत्री लखन पटेल का सड़क को लेकर दिया गया बयान भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

जयंत मलैया ने भ्रष्टाचार पर जताई नाराजगी

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में जयंत मलैया प्रशासनिक अव्यवस्था और भ्रष्टाचार को लेकर नाराजगी जताते नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि “नेता लोग और कर्मचारी पैसे खा रहे हैं। यहां तक कि पार्षद भी गरीब लोगों से पैसे खा रहे हैं।” उन्होंने इसमें नगर पालिका के लोगों के शामिल होने की बात भी कही। मलैया ने यह भी स्पष्ट किया कि इस मामले को किसी राजनीतिक दल से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। उनका कहना था कि इसमें किसी पार्टी की बात नहीं है, बल्कि गरीब लोगों के साथ होने वाली इस तरह की कथित वसूली और भ्रष्टाचार पर रोक लगनी चाहिए।

कलेक्टर की मौजूदगी में अधिकारियों को चेतावनी

सरकारी बैठकों के दौरान भी जयंत मलैया अधिकारियों के सामने गरीबों के लिए चलाई जा रही योजनाओं में गड़बड़ियों और भ्रष्टाचार को लेकर नाराजगी जाहिर करते नजर आए। उन्होंने प्रशासनिक स्तर पर ऐसी शिकायतों को गंभीरता से लेने और व्यवस्था में सुधार की जरूरत बताई। जिस दौरान मलैया गरीबों से पैसे लिए जाने को लेकर अपनी बात रख रहे थे, उस समय कलेक्टर भी उनके पास बैठे नजर आए। वीडियो में मलैया के बयान पर कलेक्टर की प्रतिक्रिया भी चर्चा में है।

अपने ही नेता के बयान से सत्ता पक्ष के सामने चुनौती

जयंत मलैया भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व वित्त मंत्री रह चुके हैं। ऐसे में जब सत्ताधारी दल का कोई वरिष्ठ नेता सार्वजनिक रूप से प्रशासनिक व्यवस्था और भ्रष्टाचार को लेकर सवाल उठाता है, तो यह बयान राजनीतिक तौर पर भी महत्वपूर्ण हो जाता है। मलैया के बयान को लेकर विपक्ष को भी सरकार और प्रशासन पर निशाना साधने का मौका मिल सकता है। हालांकि, वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों को लेकर संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों या नगर पालिका की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। जयंत मलैया के इस वीडियो को पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने भी एक्स पर पोस्ट किया है।

लखन पटेल का सड़क को लेकर बयान भी वायरल

इसी बीच दमोह जिले से भाजपा के एक और बड़े नेता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पथरिया विधायक और कैबिनेट मंत्री लखन पटेल एक कार्यक्रम के दौरान सड़क पर बने गड्ढों को लेकर पूछे गए सवाल का जिक्र करते नजर आए। मंत्री ने एक प्रसंग सुनाते हुए बताया कि उनके एक मित्र ने सड़क पर बने गड्ढों को लेकर उनसे सवाल किया था। इसके जवाब में उन्होंने कहा कि “उनसे कहिए कि अपने दद्दा से पूछें कि उन्होंने कभी सड़क देखी है या नहीं।”

‘पहले सड़कें थीं ही नहीं’, मंत्री ने गिनाईं पुरानी मुश्किलें

लखन पटेल ने अपने बयान में कहा कि आज की पीढ़ी को सड़क पर गड्ढे दिखाई देते हैं, लेकिन उसने वह दौर नहीं देखा जब कई इलाकों में सड़कें ही नहीं थीं। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी ने पहले की तुलना में बेहतर सड़क और सुविधाएं देखी हैं, जबकि पुरानी पीढ़ी को आवागमन के दौरान काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। दोनों भाजपा नेताओं के अलग-अलग मुद्दों पर दिए गए ये बयान अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं। एक ओर जयंत मलैया का भ्रष्टाचार और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाने वाला बयान है, तो दूसरी ओर लखन पटेल का सड़क और पुरानी व्यवस्थाओं से जुड़ा बयान राजनीतिक बहस को हवा दे रहा है।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close