June 4, 2026 |

BREAKING NEWS

देशब्रेकिंग

सोना-चांदी में बड़ी गिरावट: चांदी ₹7,800 टूटी, सोना भी फिसला

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

New Delhi Latest News: नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार को सोने-चांदी की कीमतों में तेज गिरावट देखने को मिली। पश्चिम एशिया में संघर्षविराम को लेकर बढ़ती अनिश्चितता और निवेशकों की मुनाफावसूली के चलते चांदी 7,800 रुपये टूटकर 2.43 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई, जबकि सोना फिसलकर 1.54 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। पीटीआई की खबर के मुताबिक, अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, चांदी में 3.10% यानी 7,800 रुपये की गिरावट दर्ज की गई और यह 2,43,200 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स सहित) पर बंद हुई। इससे पहले यह 2,51,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर थी। वहीं, 99.9% शुद्धता वाला सोना भी 1,500 रुपये गिरकर 1,54,900 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया, जो पिछले सत्र में 1,56,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

विश्लेषकों की राय
खबर के मुताबिक, विश्लेषकों का कहना है कि अमेरिका और ईरान के बीच संघर्षविराम को लेकर बनी अनिश्चितता ने बाजार की धारणा को कमजोर किया है, जिससे कीमती धातुओं में बिकवाली का दबाव बढ़ा है। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के कमोडिटी सीनियर एनालिस्ट सौमिल गांधी के मुताबिक, सोने की कीमतों में गिरावट आई है और पिछले सत्र की तेजी लगभग खत्म हो गई है, क्योंकि निवेशक पश्चिम एशिया की स्थिति का फिर से आकलन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि छिटपुट झड़पें, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के दोबारा खुलने को लेकर अनिश्चितता, टैंकरों की आवाजाही पर असर और संघर्षविराम उल्लंघन की खबरों ने निवेशकों की धारणा पर दबाव बनाया। उन्होंने यह भी कहा कि दो हफ्ते के संघर्षविराम की स्थिरता पर बने संदेह ने ऊर्जा कीमतों और महंगाई को लेकर चिंताओं को फिर से बढ़ा दिया है।

वैश्विक बाजारों में कैसा रहा रुझान
वैश्विक बाजार में हालांकि अलग रुख देखने को मिला। स्पॉट गोल्ड 21.28 डॉलर (0.45%) की बढ़त के साथ 4,740.63 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि चांदी 74.12 डॉलर प्रति औंस पर हल्की तेजी के साथ कारोबार कर रही थी। मिराए एसेट शेयरखान के कमोडिटी हेड प्रवीण सिंह के अनुसार, डॉलर में कमजोरी के चलते सोना लगातार चौथे दिन मजबूती दिखा रहा है। हालांकि, लेबनान में जारी तनाव और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर अनिश्चितता के कारण अमेरिका-ईरान संघर्षविराम अभी भी कमजोर नजर आ रहा है। उन्होंने बताया कि ईरान ने मुख्य शिपिंग रूट में संभावित खतरे को देखते हुए वैकल्पिक मार्ग सुझाए हैं, जबकि कच्चे तेल की कीमतें स्थिर रहने की कोशिश कर रही हैं, जिससे कमोडिटी और जोखिम वाले एसेट्स में रिकवरी सीमित है।

विश्लेषकों के अनुसार, फिलहाल सोना 4,730 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार कर रहा है और अमेरिका के मार्च महीने के CPI आंकड़ों से पहले इसमें सीमित दायरे में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। साथ ही, निकट भविष्य में सोने की कीमत 5,000 डॉलर प्रति औंस तक पहुंचने की संभावना भी जताई जा रही है।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close