चित्तौड़गढ़ में CBN की बड़ी कार्रवाई, 1,031 किलो से ज्यादा डोडाचूरा जब्त; तस्कर फरार
CBN की मध्यप्रदेश इकाई ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में 1,031.580 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया है।

केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) की मध्यप्रदेश इकाई ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में 1,031.580 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया है। CBN प्रथम खंड की टीम ने कार्रवाई के दौरान तस्करी में इस्तेमाल की जा रही महिंद्रा बोलेरो पिकअप को भी जब्त किया है। हालांकि, वाहन में सवार तस्कर भारी बारिश, घने अंधेरे और पहाड़ी इलाके का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
खुफिया सूचना पर की गई नाकाबंदी
जानकारी के अनुसार, CBN टीम को सूचना मिली थी कि राजस्थान नंबर की एक पिकअप गाड़ी के जरिए डोडाचूरा की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर अधिकारियों ने चित्तौड़गढ़ के पालचा-उदपुरा मार्ग पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।
रविवार सुबह टीम को संदिग्ध महिंद्रा बोलेरो पिकअप आती दिखाई दी। अधिकारियों ने वाहन को रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने सरकारी वाहन को टक्कर मारने की कोशिश करते हुए मौके से भागने का प्रयास किया।
पीछा करने पर वाहन रोका, अंधेरे का फायदा उठाकर भागे तस्कर
CBN अधिकारियों ने तत्काल वाहन का पीछा किया और कुछ दूरी पर पिकअप को रोक लिया। हालांकि, मौके पर भारी बारिश, घना अंधेरा और पहाड़ी इलाका होने का फायदा उठाकर वाहन में सवार तस्कर भागने में सफल रहे। इसके बाद अधिकारियों ने वाहन को कब्जे में लेकर सुरक्षा कारणों से CBN के नीमच कार्यालय पहुंचाया।
51 बोरियों में मिला 1,031 किलो से ज्यादा डोडाचूरा
नीमच कार्यालय में वाहन की सघन तलाशी ली गई। इस दौरान पिकअप से HDPE प्लास्टिक की 51 बोरियां बरामद हुईं। इन बोरियों में कुल 1,031.580 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा भरा हुआ था। CBN ने डोडाचूरा के साथ तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे बोलेरो पिकअप वाहन को भी जब्त कर लिया है।
फरार तस्करों की तलाश, नेटवर्क खंगाल रही CBN
मामले में CBN की ओर से गहन जांच की जा रही है। जांच का उद्देश्य फरार आरोपियों की पहचान करने के साथ-साथ इस अंतरराज्यीय ड्रग सिंडिकेट के नेटवर्क और नशीले पदार्थों के स्रोत का पता लगाना है। तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की भी जानकारी जुटाई जा रही है। CBN ने स्पष्ट किया है कि अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।




