September 12, 2026 |

BREAKING NEWS

देशप्रदेश

JPSC-JSSC अभ्यर्थियों का विधानसभा मार्च: बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़े छात्र, रांची में भारी सुरक्षा, CBI जांच की मांग पर अटका मामला

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

रांची। झारखंड में JPSC-JSSC अभ्यर्थियों के आंदोलन का आज बड़ा दिन है। विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और अपनी अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने झारखंड विधानसभा के घेराव के लिए मार्च शुरू कर दिया है। मार्च के दौरान प्रदर्शनकारी पहली बैरिकेडिंग पार कर दूसरी बैरिकेडिंग तक पहुंच गए। यहां पुलिस ने छात्रों को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और विधानसभा की ओर आगे बढ़ने लगे।

विधानसभा के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम

छात्रों के विधानसभा मार्च को देखते हुए रांची में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। विधानसभा जाने वाले प्रमुख रास्तों पर कई स्तर की बैरिकेडिंग की गई है। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए कंटीले तार वाले बैरिकेड भी लगाए गए हैं। विधानसभा के आसपास बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। वहीं, विधानसभा और आसपास के क्षेत्र में BNS की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू है। प्रशासन की ओर से प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।

तीन दौर की बातचीत के बाद भी नहीं बनी सहमति

छात्रों और सरकार के प्रतिनिधियों के बीच अब तक तीन दौर की बातचीत हो चुकी है। रविवार को भी दोनों पक्षों के बीच पांच घंटे से अधिक समय तक बैठक चली। सरकार की ओर से छात्रों की कई मांगों पर सहमति जताई गई, लेकिन CBI जांच समेत कुछ प्रमुख मुद्दों पर सहमति नहीं बन सकी।

बातचीत से समाधान नहीं निकलने के बाद छात्र संगठनों ने सोमवार को विधानसभा मार्च करने का फैसला लिया।

छात्रों ने लगाया रांची पहुंचने से रोकने का आरोप

आंदोलनकारी छात्रों का दावा है कि उन्हें रांची पहुंचने से रोकने की कोशिश की जा रही है। वहीं छात्र संगठनों ने प्रदर्शनकारियों से पुलिस के साथ झड़प नहीं करने और किसी भी तरह के उपद्रव से दूर रहने की अपील की है। संगठनों ने छात्रों से शांतिपूर्ण तरीके से विधानसभा मार्च करने का आग्रह किया है।

देवेंद्र नाथ महतो बोले- कंटीली बैरिकेडिंग नहीं रोक पाएगी

छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि भूख हड़ताल के बावजूद वह खुद को विधानसभा मार्च से रोक नहीं पाए। उन्होंने दावा किया कि आंदोलन के दौरान तीन लेयर की बैरिकेडिंग टूट चुकी है। महतो ने कहा कि कंटीली बैरिकेडिंग छात्रों के इरादे नहीं रोक सकती।

जयराम महतो ने JSSC-CGL को लेकर उठाए सवाल

रांची में छात्रों के प्रदर्शन के बीच झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के विधायक जयराम कुमार महतो ने JSSC-CGL परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह सरकार की नाकामी है और JSSC-CGL परीक्षा रद्द करने की मांग को स्वीकार किया जाना चाहिए था। महतो के मुताबिक सरकार ने छात्रों की कई मांगें मान ली हैं, लेकिन सबसे महत्वपूर्ण मांग JSSC-CGL परीक्षा को रद्द करने की है।

उन्होंने दावा किया कि इसी परीक्षा में सबसे ज्यादा गड़बड़ियां हुई हैं और अभय तिवारी ने कथित तौर पर करीब 400 अभ्यर्थियों के चयन में मदद करने की बात स्वीकार की है। फिलहाल छात्रों का विधानसभा मार्च जारी है और सुरक्षा बल प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने में जुटे हैं। आंदोलन का रुख और सरकार की अगली कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close