MP Weather Update : मध्यप्रदेश में भीषण गर्मी का प्रकोप! कई जिलों में आज लू का अलर्ट, IMD ने दी ये चेतावनी
MP Weather Update : भोपाल का अधिकतम तापमान शुक्रवार को 42.2 डिग्री सेल्सियस था, जो शनिवार को 1 डिग्री घटकर 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
भोपाल: MP Weather Update : मध्यप्रदेश में गर्मी ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। राजधानी भोपाल में भले ही गर्म हवाओं के चलते एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई हो, लेकिन प्रदेश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी लोगों को बेहाल कर रही है।
राजधानी भोपाल का अधिकतम तापमान शुक्रवार को 42.2 डिग्री सेल्सियस था, जो शनिवार को 1 डिग्री घटकर 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह गिरावट बदलती हवाओं और हल्की नमी के कारण देखी गई है। हालांकि मौसम विभाग ने आज फिर से तापमान में थोड़ी बढ़त की संभावना जताई है।
प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान शिवपुरी में रिकॉर्ड किया गया, जहां पारा 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यह अब तक का इस सीजन का सबसे ऊंचा तापमान माना जा रहा है, जिससे वहां के नागरिकों को भीषण गर्मी और लू का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग ने शनिवार को 6 जिलों में लू को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में दिनभर तेज गर्म हवाएं चलने और तापमान में और बढ़ोतरी की आशंका है। येलो अलर्ट वाले जिले दमोह, सागर, सीधी, शिवपुरी, गुना और रतलाम हैं।
क्या करें बचाव के लिए?
- दोपहर 12 से 3 बजे के बीच बाहर निकलने से बचें
- अधिक पानी पिएं, शरीर को हाइड्रेट रखें
- सिर ढककर रखें, हल्के और ढीले कपड़े पहनें
- गर्म सतहों के संपर्क से बचें




