Maharashtra Chief Minister : महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री तय हो गए हैं। खबर है कि भारतीय जनता पार्टी के नेता देवेंद्र फडणवीस गुरुवार को सीएम पद की शपथ लेने जा रहे हैं। बुधवार की मीटिंग में सर्वसम्मति से उन्हें विधायक दल का नेता चुन लिया गया है। हालांकि, अब तक डिप्टी सीएम को लेकर स्थिति साफ नहीं हो सकी है। कह जा रहा है कि भाजपा राज्य का गृहमंत्रालय भी अपने पास रखने के पक्ष में है। फिलहाल, इसे लेकर आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया है। चर्चाएं थीं कि शिवेसना प्रमुख एकनाथ शिंदे भी गृहमंत्रालय चाह रहे थे।
महाराष्ट्र में मंत्रालयों के बंटवारे को लेकर स्थिति अभी साफ नहीं हुई है। कहा जा रहा है कि भाजपा और शिवसेना के बीच इसे लेकर मतभेद जारी हैं। संभावनाएं ये भी जताई जा रही हैं कि बुधवार को फडणवीस और शिंदे मुलाकात कर सकते हैं। इससे पहले दोनों नेताओं ने मंगलवार शाम शिंदे के घर वर्षा में बैठक की थी, जो करीब 1 घंटे तक चली थी।
कौन क्या चाहे
महाराष्ट्र टाइम्स की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि भाजपा चाहती है कि फडणवीस गृहमंत्रालय अपने पास रखें। खास बात है कि शिंदे सरकार में भी वही यह विभाग संभाल रहे थे। सूत्रों ने यह भी बताया कि शिंदे को शहरी विकास मंत्रालय, एक और विभाग और डिप्टी सीएम के पद की पेशकश की गई है। फिलहाल, शिवसेना प्रमुख की तरफ से कोई प्रतिक्रिया फैसले को लेकर नहीं आई है।
क्या शिंदे चाहते थे गृहमंत्रालय
कहा जा रहा था कि शिंदे गृहमंत्रालय चाहते थे, लेकिन इसपर अंतिम मुहर नहीं लग सकी। मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी कहा जा रहा था कि जब शिंदे ने 2022 में भाजपा के साथ सरकार बनाई थी, तब भी वह गृहमंत्रालय चाहते थे, लेकिन फडणवीस को डिप्टी सीएम के साथ यह विभाग भी दे दिया गया था। खबरें थीं कि 2019 में जब अविभाजित शिवसेना ने महाविकास अघाड़ी में शामिल होकर सरकार बनाई थी, उस समय भी शिंदे ने गृहमंत्रालय के लिए जोर दिया था, लेकिन तब विभाग अविभाविजत राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के खाते में चला गया था।




