New Lok Sabha Speaker Om Birla : 18वीं लोकसभा का नया स्पीकर चुन लिया गया है। ओम बिरला ने इतिहास रच दिया है। वो लगातार दूसरी बार लोकसभा के अध्यक्ष बनने वाले बीजेपी के पहले नेता है और ऐसा करने वाले छठे व्यक्ति हैं जिन्हें दोबारा लोकसभा का अध्यक्ष बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। आज ओम बिरला को ध्वनिमत से लोकसभा का नया अध्यक्ष चुन लिया गया है। ओम बिरला को लोकसभा के अध्यक्ष चुने जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी और कहा कि ज्यादातर स्पीकर या तो चुनाव नहीं लड़े या जीतकर नहीं आए। आप जीतकर आए और नया इतिहास रचा है। बता दें कि ओम बिरला लगातार तीसरी बार राजस्थान के कोटा से चुनकर संसद पहुंचे हैं और दूसरी बार वो स्पीकर बने हैं।
ध्वनिमत से लोकसभा स्पीकर चुने गए ओम बिरला
दरअसल, 48 साल बाद पहली बार स्पीकर के पद के लिए चुनाव हुआ। एनडीए की ओर से ओम बिरला उम्मीदवार थे तो वहीं, दूसरी ओर I.N.D.I.A ब्लॉक की ओर से के सुरेश प्रत्याशी थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओम बिरला के नाम का प्रस्ताव रखा उसके बाद बारी बारी से NDA के दूसरे नेताओं ने प्रस्ताव रखा और अनुमोदन किया। इसके बाद विपक्ष की ओर से के सुरेश के नाम का प्रस्ताव रखा गया। फिर प्रोटेम स्पीकर ने ध्वनिमत से प्रस्ताव को पास कर दिया क्योंकि विपक्ष की ओर से वोटिंग या डिविजन की मांग नहीं की गई थी।
ओम बिरला का सियासी सफर
1978-1979 छात्रसंघ अध्यक्ष
1987- 1991 BJP युवा मोर्चा कोटा के अध्यक्ष
1993-1997 राजस्थान BJP युवा मोर्चा के अध्यक्ष
2003-2014 कोटा दक्षिण से बीजेपी विधायक
2014 से लगातार कोटा से बीजेपी सांसद
2019- 2024 लोकसभा स्पीकर
लोकसभा में माइक बंद होने से चर्चा में आए थे बिरला
वाकया साल 2023 का है जब लोकसभा में राहुल गांधी बोल रहे थे। उन्होंने नरेंद्र मोदी और अडाणी को मित्र बताते हुए पीएम पर निशाना साधा था। इसके बाद सत्ता पक्ष ने हंगामा कर दिया था। फिर जब राहुल गांधी अपने भाषण को खत्म कर सीट पर बैठे तो स्पीकर बिरला ने कहा कि ”कोई भी बाहर यह ना कहा कहे कि स्पीकर साहब माइक बंद कर देते हैं, यह अच्छी बात नहीं है।” इसके बाद राहुल गांधी स्पीकर बिरला की बात सुनकर फिर खड़े हुए और बोले ”स्पीकर साहब यह बात तो सही है कि आप माइक बंद कर देते हो।”



