Khargone News: खरगोन मंडी में 7 सितंबर से नए कपास सीजन की खरीदी, MSP के लिए पंजीयन अनिवार्य
MP Khargone News: मध्यप्रदेश की प्रमुख कपास मंडियों में शामिल खरगोन मंडी में कपास सीजन 2026-27 की खरीदी का शुभारंभ सोमवार, 7 सितंबर को मुहूर्त के साथ होगा।

MP Khargone News: खरगोन: मध्यप्रदेश की प्रमुख कपास मंडियों में शामिल खरगोन मंडी में कपास सीजन 2026-27 की खरीदी का शुभारंभ सोमवार, 7 सितंबर को मुहूर्त के साथ होगा। नए सीजन को लेकर मंडी प्रशासन और कपास कारोबारियों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मंडी में कपास की आवक बढ़ने के साथ कारोबार में भी तेजी आने की उम्मीद है।
7 सितंबर से आनंद नगर कपास मंडी में बेच सकेंगे उपज
कृषि उपज मंडी समिति खरगोन ने जिले के किसानों से अपील की है कि वे अपनी कपास की उपज का विक्रय 7 सितंबर से आनंद नगर कपास मंडी में करें। किसानों से निर्धारित तिथि से ही अपनी उपज मंडी में लेकर आने का अनुरोध किया गया है।
MSP पर कपास बेचने के लिए पंजीयन जरूरी
भारतीय कपास निगम लिमिटेड (CCI) ने कपास सीजन 2026-27 में किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर कपास खरीदी की तैयारियां शुरू कर दी हैं। MSP का लाभ लेने के लिए किसानों का पंजीयन 1 सितंबर से शुरू हो चुका है, जो 31 अक्टूबर तक चलेगा। किसानों को MSP पर कपास बेचने के लिए मोबाइल ऐप के माध्यम से पंजीयन कराना अनिवार्य होगा।
कपास किसानों की नजर रहेगी भाव पर
नए कपास सीजन की शुरुआत के साथ किसानों की नजर कपास के बाजार भाव और MSP पर रहेगी। खरगोन मध्यप्रदेश के प्रमुख कपास उत्पादक क्षेत्रों में शामिल है। जिले में बड़ी संख्या में किसान कपास की खेती करते हैं, जिसके चलते सीजन के दौरान मंडी में कपास की अच्छी आवक देखने को मिलती है।
नए सीजन की शुरुआत के साथ किसानों को बेहतर भाव मिलने की उम्मीद है। वहीं, MSP पर बिक्री की सुविधा के लिए पंजीयन प्रक्रिया शुरू होने से किसानों को समर्थन मूल्य का लाभ लेने का मौका मिलेगा।




