
Vande Mataram Controversy: नई दिल्ली। देश में वंदे मातरम् को लेकर जारी राजनीतिक विवाद के बीच बहुजन समाज पार्टी (BSP) प्रमुख मायावती ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् को पूरा गाने या इसके शुरुआती दो छंद गाने को लेकर जिस तरह की राजनीति हो रही है, वह उचित नहीं है। मायावती ने केंद्र और राज्य सरकारों से अपील की कि वे राजनीतिक विवादों से इतर देश और जनहित से जुड़े जरूरी मुद्दों पर ध्यान दें।
मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में कहा कि वंदे मातरम् को पूरा गाना है, शुरुआती दो छंद गाने हैं या नहीं गाना है, इस मुद्दे को लेकर देश में चल रही राजनीति किसी भी तरह उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि इस तरह के मुद्दों पर राजनीतिक दल अपने स्वार्थ के हिसाब से राजनीति करते रहे हैं।
राजनीतिक स्वार्थ के लिए मुद्दों से भटकाने का आरोप
BSP प्रमुख ने कहा कि केंद्र और राज्यों में सत्ता परिवर्तन के दौरान राजनीतिक दल कई बार अपने फायदे या अपनी कमियों से जनता का ध्यान हटाने के लिए ऐसे मुद्दों को आगे बढ़ाते हैं। उनके मुताबिक सत्ता में आने वाली सरकारें कई बार पिछली सरकारों के बनाए कानूनों और व्यवस्थाओं में बदलाव करती हैं। मायावती ने कहा कि वंदे मातरम् विवाद के अलावा देश में कई गंभीर समस्याएं मौजूद हैं, जिन पर सरकारों को प्राथमिकता से ध्यान देना चाहिए।
बेरोजगारी और युवाओं के मुद्दों पर फोकस की मांग
मायावती ने खास तौर पर बेरोजगार युवाओं, छात्र-छात्राओं, जेन-जी और स्कूली बच्चों से जुड़े मुद्दों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इन वर्गों से जुड़ी समस्याओं पर केंद्र और राज्य सरकारों को गंभीरता से काम करने की जरूरत है। उन्होंने देश के कुछ हिस्सों में आई भारी बाढ़ और उससे हुए जान-माल के नुकसान का भी उल्लेख किया। मायावती के मुताबिक आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव के साथ-साथ अन्य जनहित के मुद्दों पर भी सरकारों को उचित ध्यान देना चाहिए।
अमित शाह ने कांग्रेस के फैसले को बताया था राष्ट्रविरोधी
वहीं, इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने वंदे मातरम् को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला किया था। उन्होंने कांग्रेस कार्य समिति (CWC) के राष्ट्रगीत के केवल दो अंतरे गाने के फैसले को राष्ट्रविरोधी, कानून की अवहेलना और वोट बैंक की राजनीति से जोड़कर निशाना साधा था। अमित शाह ने वंदे मातरम् के इतिहास और देश के विभाजन का जिक्र करते हुए कांग्रेस के फैसले पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि राष्ट्रगीत के साथ किए गए फैसलों के कारण देश को इसके परिणाम भुगतने पड़े।
कांग्रेस ने भी किया पलटवार
अमित शाह के बयान पर कांग्रेस ने भी पलटवार किया। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने बीजेपी पर आरोप लगाया कि वह छात्रों के मुद्दे और राम मंदिर से जुड़े कथित चंदे के विवाद जैसे विषयों से जनता का ध्यान हटाने के लिए वंदे मातरम् को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा कर रही है।
जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी पर कई मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ऐसे राजनीतिक मुद्दों में नहीं फंसेगी। इस तरह वंदे मातरम् को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जारी राजनीतिक बयानबाजी में अब मायावती की एंट्री हो गई है। उन्होंने दोनों पक्षों से विवाद के बजाय बेरोजगारी, युवाओं की समस्याओं और बाढ़ जैसी गंभीर चुनौतियों पर ध्यान देने की अपील की है।




