September 19, 2026 |

BREAKING NEWS

मध्यप्रदेशसरकारी नौकरी

MPESB Result 2026: वनरक्षक, जेल प्रहरी भर्ती परीक्षा का रिजल्ट जारी, 14,950 उम्मीदवार अगले चरण के लिए पात्र

मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने भर्ती परीक्षा-2026 के पहले चरण का परिणाम जारी कर दिया है।

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

MPESB Result 2026: भोपाल। मध्यप्रदेश में वनरक्षक, क्षेत्ररक्षक, जेल प्रहरी और सहायक जेल अधीक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे उम्मीदवारों के लिए बड़ी खबर है। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने भर्ती परीक्षा-2026 के पहले चरण का परिणाम जारी कर दिया है। इस चरण में कुल 14,950 उम्मीदवारों को भर्ती प्रक्रिया के दूसरे चरण के लिए पात्र घोषित किया गया है। हालांकि, यह अंतिम चयन नहीं है। पात्र उम्मीदवारों को अब भर्ती प्रक्रिया के अगले चरणों में शामिल होना होगा।

4 जून से 20 जून तक हुई थी परीक्षा

इन पदों के लिए ऑनलाइन भर्ती परीक्षा का आयोजन 4 जून से 20 जून 2026 तक किया गया था। परीक्षा के बाद MPESB ने मॉडल आंसर की अपनी वेबसाइट पर जारी कर उम्मीदवारों से आपत्तियां मांगी थीं। विषय विशेषज्ञों की समिति ने प्राप्त आपत्तियों का परीक्षण करने के बाद उत्तरों को अंतिम रूप दिया। इसी अंतिम उत्तर कुंजी के आधार पर परीक्षा का परिणाम तैयार किया गया है।

1,679 पदों पर होनी है भर्ती

इस भर्ती अभियान के माध्यम से कुल 1,679 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं। इनमें जेल प्रहरी के 757, वनरक्षक के 728, क्षेत्ररक्षक के 169 और सहायक जेल अधीक्षक के 25 पद शामिल हैं। भर्ती नियमों के अनुसार, सहायक जेल अधीक्षक और जेल प्रहरी के रिक्त पदों की संख्या के मुकाबले 10 गुना उम्मीदवारों को अगले चरण के लिए बुलाया जाएगा। वहीं, वनरक्षक और क्षेत्ररक्षक के पदों के लिए रिक्तियों की संख्या के मुकाबले 5 गुना उम्मीदवारों को मेरिट और आरक्षण नियमों के आधार पर अगले चरण के लिए पात्र माना जाएगा।

14,950 उम्मीदवारों का अभी अंतिम चयन नहीं

MPESB की ओर से जारी परिणाम में पात्र घोषित किए गए 14,950 उम्मीदवारों का अभी अंतिम नियुक्ति के लिए चयन नहीं हुआ है। ये उम्मीदवार केवल भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण में शामिल होने के लिए पात्र हुए हैं। लिखित परीक्षा के बाद संबंधित पदों के अनुसार उम्मीदवारों को शारीरिक दक्षता एवं माप परीक्षण (PET/PFT) जैसी चयन प्रक्रिया से गुजरना होगा।

दस्तावेजों का भी होगा सत्यापन

ऑनलाइन आवेदन के दौरान उम्मीदवारों से दस्तावेज, अंकसूची और प्रमाण-पत्र जमा नहीं कराए गए थे। इसलिए भर्ती के अगले चरण में संबंधित विभाग द्वारा उम्मीदवारों के जरूरी दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। इस दौरान उम्मीदवार की श्रेणी, संवर्ग, लिंग, जन्मतिथि, मध्यप्रदेश का स्थायी निवासी होने सहित अन्य निर्धारित पात्रताओं से संबंधित दस्तावेजों की जांच की जाएगी।

सभी उम्मीदवारों के अंक फिलहाल जारी नहीं

MPESB के अनुसार, वन एवं जेल विभाग तथा वन विकास निगम लिमिटेड के निर्देशों के तहत वर्तमान परिणाम में सभी उम्मीदवारों के प्राप्तांक प्रदर्शित नहीं किए गए हैं। भर्ती प्रक्रिया के सभी चरण पूरे होने के बाद उम्मीदवारों के प्राप्तांक वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जाएंगे। उम्मीदवार अपना परीक्षा परिणाम और दूसरे चरण के लिए पात्रता से संबंधित जानकारी मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close