
Korba Accident News: कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। बालको थाना क्षेत्र के सतनाम नगर में खेलते-खेलते 10 वर्षीय मासूम बच्ची की दम घुटने से मौत हो गई। बच्ची खेल के दौरान गमछे से मजाक कर रही थी, तभी गमछा उसके गले में कस गया। परिजन उसे गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
छोटे भाई के साथ खेल रही थी मासूम
जानकारी के अनुसार, मृत बच्ची की पहचान रोमा राज (10 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से गढ़ उपरोड़ा की रहने वाली थी। वर्तमान में उसका परिवार बालको के सतनाम नगर में रहता है। रोमा स्थानीय स्कूल में कक्षा तीसरी की छात्रा थी। घटना के समय वह घर में अपने छोटे भाई के साथ खेल रही थी।
मजाक बना हादसे की वजह
परिजनों ने बताया कि रोमा पहले भी अपने छोटे भाई को हंसाने के लिए गमछे को ऊपर बांधकर उसमें सिर डालने का मजाक करती थी। मंगलवार को भी उसने यही कोशिश की, लेकिन इस बार गमछा अचानक उसके गले में कस गया। इससे उसका दम घुटने लगा और वह बेहोश हो गई।
जब तक परिवार के लोगों को घटना की जानकारी मिली और वे उसे गमछे से बाहर निकालकर अस्पताल ले गए, तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस अस्पताल और घटनास्थल पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में इसे दुर्घटनावश हुई मौत माना जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मासूम रोमा की असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है। घर में खुशियों का माहौल पलभर में मातम में बदल गया। मोहल्ले के लोगों ने भी इस हादसे पर गहरा दुख जताया। इस घटना ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों को सतर्क रहने की जरूरत एक बार फिर सामने ला दी है।




