
CG Bilashpur News: बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर के रतनपुर क्षेत्र में एक महिला की इलाज के दौरान मौत के बाद परिजनों ने निजी नर्सिंग होम और डॉक्टर पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। मामले को लेकर मृतका के परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही है।
इलाज के लिए अस्पताल पहुंची थी महिला
जानकारी के अनुसार रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पोड़ी नवागांव निवासी 50 वर्षीय कुमारी बाई साहू लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्या से परेशान थीं। वह अपने पति ईश्वर साहू के साथ उपचार के लिए रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची थीं।
परिजनों का आरोप है कि जांच के दौरान डॉक्टर ने महिला को बच्चेदानी में समस्या बताते हुए ऑपरेशन कराने की सलाह दी। साथ ही कथित रूप से अपने निजी अस्पताल मातृका नर्सिंग होम में ऑपरेशन कराने की बात भी कही गई।
ऑपरेशन से पहले जमा कराए गए 15 हजार रुपये
परिजनों के मुताबिक महिला को बाद में निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां ऑपरेशन की तैयारी शुरू हुई। आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन ने ऑपरेशन के लिए 15 हजार रुपये जमा कराए। इसके बाद महिला को ऑपरेशन थिएटर में ले जाकर एनस्थीसिया दिया गया।
एनस्थीसिया के बाद बिगड़ी तबीयत
परिजनों का कहना है कि एनस्थीसिया देने के कुछ समय बाद ही महिला की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। आरोप है कि स्थिति गंभीर होने पर अस्पताल प्रबंधन ने आवश्यक चिकित्सकीय प्रबंधन करने के बजाय महिला को दूसरे अस्पताल रेफर करने की तैयारी शुरू कर दी।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि बिना उचित रेफरल दस्तावेज और आवश्यक चिकित्सा प्रक्रिया पूरी किए महिला को निजी वाहन से सिम्स अस्पताल भेजा गया। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
बेटे ने दर्ज कराई शिकायत
घटना के बाद मृतका के बेटे मुकेश साहू ने रतनपुर थाने में लिखित शिकायत देकर डॉक्टर और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ऑपरेशन के दौरान बरती गई लापरवाही और एनस्थीसिया देने के बाद उचित निगरानी नहीं रखने के कारण उनकी मां की मौत हुई।
सीसीटीवी फुटेज जांच की मांग
परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जब्त करने की मांग भी की है। उनका कहना है कि इससे पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, अस्पताल के रिकॉर्ड, चिकित्सकीय दस्तावेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।




