June 5, 2026 |

BREAKING NEWS

ब्रेकिंगमध्यप्रदेश

राज्यसभा चुनाव से पहले MP में सियासी घमासान, कांग्रेस पर BJP का हमला; क्रॉस वोटिंग के दिए संकेत

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

MP Rajya Sabha Elections News : भोपाल/इंदौर। मध्यप्रदेश में राज्यसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी (BJP) और कांग्रेस दोनों दलों में रणनीतिक बैठकों और बयानबाजी का दौर जारी है। इस बीच भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने कांग्रेस के उम्मीदवार चयन और पार्टी के भीतर उभर रहे असंतोष को लेकर तीखा हमला बोला है।

‘कांग्रेस में वही पुराने चेहरे दोहराए जा रहे’ : शिवराज सिंह चौहान

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर वंशवाद और परिवारवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। भोपाल में पत्रकारों से चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस में नए नेतृत्व को अवसर देने के बजाय पुराने नेताओं और परिवारों को ही प्राथमिकता दी जा रही है।

उन्होंने कहा, “कांग्रेस में वही पुराने चेहरे और मठाधीश बार-बार दोहराए जा रहे हैं। कर्नाटक में भी खड़गे और सिद्धारमैया परिवार का प्रभाव साफ दिखाई देता है।”

‘बीजेपी है पार्टी विद डिफरेंस’

भाजपा की चयन प्रक्रिया की सराहना करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पार्टी ने राज्यसभा के लिए रजनीश अग्रवाल जैसे समर्पित कार्यकर्ता को मौका दिया है, जिन्होंने कभी टिकट की अपेक्षा नहीं की थी।

उन्होंने कहा, “बीजेपी वास्तव में पार्टी विद डिफरेंस है। संगठन ने उनके कार्यों और योगदान को देखकर उन्हें राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है।”

‘जरूरत पड़ी तो तीसरा उम्मीदवार भी जिताकर दिखाएंगे’ : कैलाश विजयवर्गीय

इंदौर में कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने राज्यसभा चुनाव को लेकर बड़ा राजनीतिक संकेत दिया। उन्होंने कहा कि यदि पार्टी नेतृत्व निर्देश देगा तो भाजपा तीसरा उम्मीदवार भी मैदान में उतार सकती है।

उन्होंने कहा, “अगर पार्टी कहेगी तो हम तीसरा उम्मीदवार भी उतारेंगे और उसे जिताकर भी दिखाएंगे।”

भाजपा उम्मीदवारों की जीत का दावा

विजयवर्गीय ने भाजपा प्रत्याशी तरुण चुघ और रजनीश अग्रवाल को संगठन के निष्ठावान और समर्पित नेता बताते हुए कहा कि दोनों उम्मीदवारों की जीत तय है। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं ने वर्षों तक पर्दे के पीछे रहकर संगठन को मजबूत करने का काम किया है।

कांग्रेस में असंतोष और क्रॉस वोटिंग की आशंका

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने कांग्रेस के भीतर बढ़ते असंतोष को लेकर सोशल मीडिया पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि राज्यसभा उम्मीदवार की घोषणा के बाद कांग्रेस में आंतरिक विरोध खुलकर सामने आने लगा है।

आशीष अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता आलाकमान के फैसलों पर सवाल उठा रहे हैं, जिससे पार्टी के भीतर नाराजगी बढ़ रही है।

‘हार के संकेत साफ दिखाई दे रहे हैं’

भाजपा नेता ने दावा किया कि कांग्रेस में अब क्रॉस वोटिंग की संभावना केवल अटकल नहीं, बल्कि उसके स्पष्ट संकेत दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब पार्टी के अपने ही लोग नेतृत्व के निर्णयों पर सवाल उठाने लगें, तो राजनीतिक परिणामों का अंदाजा लगाया जा सकता है।

राज्यसभा चुनाव से पहले भाजपा और कांग्रेस के बीच बयानबाजी का यह दौर प्रदेश की राजनीति को और गर्माता नजर आ रहा है। अब सभी की निगाहें चुनावी रणनीति और मतदान के नतीजों पर टिकी हैं।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close