June 5, 2026 |

BREAKING NEWS

ब्रेकिंगमध्यप्रदेश

हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष : भोपाल में सजेगा तीन दिवसीय ‘प्रणाम! उदंत मार्तण्ड’ मीडिया महाकुंभ

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

भोपाल। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय और वीर भारत न्यास की संयुक्त पहल पर हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर तीन दिवसीय राष्ट्रीय विमर्श ‘प्रणाम! उदंत मार्तण्ड’ का शुभारंभ शुक्रवार 8 मई से भारत भवन में होगा। 8 से 10 मई 2026 तक आयोजित इस समारोह में देशभर की भारतीय भाषाओं के 60 से अधिक संपादक और मीडिया जगत की प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी।

समारोह के तीन विशेष सत्र भारत केंद्रित होंगे, जिन्हें हरिवंश, आचार्य मिथिलेशनंदिनीशरण और डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में दत्तोपंत ठेंगड़ी शोध संस्थान तथा मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद भी सहयोगी हैं।

8 मई को सुबह 10:30 बजे आचार्य मिथिलेशनंदिनीशरण समारोह का उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन सत्र में पूर्व सूचना आयुक्त उदय माहूरकर, डॉ. सी. जयशंकर बाबु, कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी और श्रीराम तिवारी संबोधित करेंगे।

विभिन्न सत्रों में वरिष्ठ पत्रकारों और मीडिया विशेषज्ञों में विष्णुप्रकाश त्रिपाठी, नगमा सहर, सईद अंसारी, उदय सिन्हा, अमिताभ अग्निहोत्री, जयंती रंगनाथन, डॉ. ब्रजेश कुमार सिंह, प्रो. कृपाशंकर चौबे, प्रो. सोमा बंद्योपाध्याय, विकास मिश्र, प्रफुल्ल केतकर, प्रत्यूष रंजन, शैलेश पाण्डेय, हितेश शंकर, प्रतीक त्रिवेदी, राशिद किदवई, अनिल पाण्डेय, दिलीप शर्मा, शरद गुप्ता और सलमान रावी शामिल होंगे।

समारोह के दौरान हिंदी पत्रकारिता की 200 वर्ष की यात्रा पर आधारित समाचार पत्रों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। साथ ही देश के आठ वरिष्ठ कार्टूनिस्ट लाइव कार्टून शो प्रस्तुत करेंगे।

इस अवसर पर विद्यार्थियों के अनुभवों पर आधारित पुस्तक ‘माखन के लाल’, ‘कार्टून कथा’ और ‘खजुराहो’ का लोकार्पण किया जाएगा। विश्वविद्यालय के प्रायोगिक समाचार पत्र ‘विकल्प’, ‘पहल’ और ‘अभ्युदय’ के विशेषांक भी जारी होंगे। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के विद्यार्थियों द्वारा निर्मित तीन डॉक्यूमेंट्री फिल्मों का प्रदर्शन भी समारोह का आकर्षण रहेगा।

तीनों दिनों में प्रतिदिन शाम 7 बजे से सांस्कृतिक संध्या आयोजित होगी, जिसमें ‘वंदेमातरम्’ सहित विविध प्रस्तुतियां दी जाएंगी।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close