June 4, 2026 |

BREAKING NEWS

देशप्रदेशब्रेकिंग

छत्तीसगढ़ में दो दर्दनाक सड़क हादसे: बलरामपुर में पिकअप ने बाइक सवार को कुचला, गौरेला में JCB से टकराकर पशु फार्मकर्मी की मौत

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

Accidents in Chhattisgarh: बलरामपुर/गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को बलरामपुर और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

बलरामपुर में तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आया बाइक सवार

बलरामपुर जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र में देर रात एक तेज रफ्तार सब्जी लोड पिकअप वाहन ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा फूलीडूमर चौक के पास हुआ, जहां टक्कर के बाद पिकअप वाहन युवक को करीब 10 से 15 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया।

मृतक की पहचान श्यामलाल निवासी तारकेश्वरपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पिकअप वाहन वाड्रफनगर से बनारस की ओर जा रहा था। हादसा इतना भीषण था कि श्यामलाल की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही बसंतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।

गौरेला में JCB से टकराई स्कूटी, पशु फार्म कर्मचारी की मौत

वहीं गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के गौरेला थाना क्षेत्र में एक अन्य सड़क हादसे में शासकीय पशु फार्म के कर्मचारी की जान चली गई। मृतक की पहचान जय प्रकाश बंजारे के रूप में हुई है, जो गौरेला के पकरिया स्थित शासकीय पशु फार्म में कार्यरत थे।

जानकारी के अनुसार, जय प्रकाश ड्यूटी समाप्त कर स्कूटी से अपने घर बांधामुड़ा लौट रहे थे। इसी दौरान बांधामुड़ा के पास उनकी स्कूटी विपरीत दिशा से आ रही एक JCB मशीन से टकरा गई।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल गौरेला पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

CCTV फुटेज आया सामने

इस हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें स्कूटी और JCB की टक्कर साफ दिखाई दे रही है। पुलिस फुटेज के आधार पर JCB चालक और वाहन की तलाश कर रही है। साथ ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों की भी जांच की जा रही है।

पुलिस जांच जारी

दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। एक ओर बलरामपुर में पिकअप चालक की तलाश की जा रही है, वहीं गौरेला में JCB चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close