July 29, 2026 |

BREAKING NEWS

प्रदेशब्रेकिंग

Raipur News: रायपुर में GST का बड़ा छापा, 1 करोड़ रुपये की टैक्स चोरी का खुलासा

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

Raipur News: रायपुर। राज्य जीएसटी विभाग ने रायपुर जिले के आरंग और अभनपुर क्षेत्र में संचालित विभिन्न उद्योगों एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब एक करोड़ रुपये की टैक्स चोरी का खुलासा किया है। पिछले एक सप्ताह से चल रहे विशेष जांच अभियान के दौरान विभाग की टीम ने बिस्किट फैक्ट्री, बेकरी, बारदाना, पोल्ट्री, पेवर ब्लॉक और पेयजल कारोबार से जुड़े कई प्रतिष्ठानों में छापेमारी कर महत्वपूर्ण दस्तावेज और साक्ष्य जुटाए हैं। प्रारंभिक जांच में बड़े पैमाने पर कर चोरी और अनियमितताएं सामने आई हैं।

कम कारोबार दिखाकर बचाया जा रहा था टैक्स

जीएसटी विभाग की जांच में यह तथ्य सामने आया कि कई कारोबारी बड़े स्तर पर उत्पादन और व्यापार करने के बावजूद वास्तविक कारोबार को छिपा रहे थे। कुछ प्रतिष्ठान नियमित जीएसटी रिटर्न दाखिल नहीं कर रहे थे, जबकि कई व्यवसायियों ने वास्तविक आय की तुलना में बहुत कम कारोबार दर्शाया था। अधिकारियों के अनुसार अभनपुर के कोलर क्षेत्र स्थित बिस्किट फैक्ट्री सहित कई व्यापारिक प्रतिष्ठानों में लाखों रुपये की कर चोरी का मामला सामने आया है।

गुप्त तरीके से चल रहा था कारोबार

जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि कई फैक्ट्रियां ऊंची दीवारों और बंद परिसरों के भीतर संचालित की जा रही थीं। बाहरी लोगों के प्रवेश पर प्रतिबंध था और कर्मचारियों को भी गतिविधियों की जानकारी सार्वजनिक नहीं करने के निर्देश दिए गए थे। इतना ही नहीं, माल परिवहन में उपयोग किए जाने वाले वाहनों पर पहचान संबंधी जानकारी नहीं होती थी और कई मामलों में बिना वैध बिल और इनवॉइस के सामान की ढुलाई की जा रही थी।

पहले रेकी, फिर छापेमारी

जीएसटी विभाग ने कार्रवाई से पहले कई दिनों तक गोपनीय निगरानी अभियान चलाया। अधिकारियों ने फैक्ट्रियों से निकलने वाले वाहनों की गतिविधियों की वीडियो रिकॉर्डिंग की, आसपास के लोगों और कर्मचारियों से जानकारी जुटाई तथा माल की आवाजाही पर नजर रखी। पर्याप्त सबूत मिलने के बाद विभिन्न स्थानों पर एक साथ छापेमारी की गई।

नए नियमों के तहत होगी कड़ी कार्रवाई

अधिकारियों ने बताया कि जीएसटी कानून में हाल ही में किए गए संशोधनों के बाद टैक्स चोरी और फर्जीवाड़ा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का प्रावधान है। बार-बार कर चोरी में पकड़े जाने वाले कारोबारियों पर गैर-जमानती धाराएं भी लगाई जा सकती हैं। विभाग का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

स्टेट जीएसटी आयुक्त पुष्पेंद्र कुमार मीणा ने कहा कि रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में संचालित बड़े कारोबारों की विशेष निगरानी की जा रही है। प्रारंभिक जांच में ही लगभग एक करोड़ रुपये की कर चोरी सामने आई है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि टैक्स चोरी करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close