July 29, 2026 |

BREAKING NEWS

ब्रेकिंगमध्यप्रदेश

MP Weather Update : नौतपा के पांचवें दिन भीषण गर्मी का कहर, 27 जिलों में हीटवेव अलर्ट, कई इलाकों में बारिश-ओलावृष्टि के आसार

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

MP Weather Update :  भोपाल। मध्य प्रदेश में नौतपा के पांचवें दिन भी मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। एक ओर प्रदेश के कई जिलों में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है, वहीं दूसरी ओर कुछ क्षेत्रों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के आसार बने हुए हैं। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भोपाल, जबलपुर समेत 27 जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार ग्वालियर, छतरपुर, टीकमगढ़, मुरैना, श्योपुर और निवाड़ी जिलों में लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में दिन के समय तापमान 43 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। हालांकि शाम के समय मौसम में बदलाव के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है।

खजुराहो रहा सबसे गर्म शहर

नौतपा के चौथे दिन गुरुवार को प्रदेश में गर्मी अपने चरम पर रही। खजुराहो में सबसे अधिक 46.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा राजगढ़ में 46 डिग्री, दतिया में 45.7 डिग्री, दमोह, नौगांव और मलाजखंड में 45.5 डिग्री, टीकमगढ़ में 45.2 डिग्री तथा सतना में 45.1 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

राजधानी भोपाल का अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री, जबलपुर और रीवा का 44 डिग्री, ग्वालियर और गुना का 44.7 डिग्री, जबकि इंदौर में 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

ग्वालियर में बदला मौसम, बारिश से मिली राहत

ग्वालियर जिले में नौतपा के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली। शुक्रवार सुबह तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हुई, जिससे तापमान में 10 डिग्री से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। पिछले कुछ दिनों से यहां अधिकतम तापमान 45 डिग्री के आसपास बना हुआ था, जबकि रात का न्यूनतम तापमान भी 37 डिग्री के करीब पहुंच गया था।

कई जिलों में ओलावृष्टि और आंधी की चेतावनी

मौसम विभाग ने ग्वालियर-चंबल संभाग सहित कई जिलों में शाम के समय गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। किसानों और आम नागरिकों को सतर्क रहने तथा खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

अगले 24 घंटे अहम

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 24 से 48 घंटों के दौरान प्रदेश में गर्मी और बारिश दोनों का असर देखने को मिलेगा। कुछ जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है, जबकि हीटवेव प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को अभी भी सावधानी बरतने की जरूरत है।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close