MP Weather News : एमपी में ठंडी होगी नौतपा की शुरुआत, राजधानी समेत इन जिलों में शनिवार को बारिश का संभावना
MP Weather News : अरब सागर में गहरा कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। शनिवार को इसके अवदाब के क्षेत्र में बदलने की संभावना है।

MP Weather News : भोपाल। अरब सागर में गहरा कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। शनिवार को इसके अवदाब के क्षेत्र में बदलने की संभावना है। उधर, अलग-अलग स्थानों पर अन्य मौसम प्रणालियां भी बनी हैं। इस वजह से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में वर्षा हो रही है।
शुक्रवार को सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक गुना एवं उमरिया में तीन, रतलाम में 0.1 मिलीमीटर वर्षा हुई। सबसे अधिक 41.6 डिग्री सेल्सियस तापमान खजुराहो में दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अधिकतम तापमान में भी गिरावट हो गई है। जिसके चलते नौतपा (25 मई से दो जून तक का समय) की शुरुआत ठंडी होने की संभावना है। 27 मई को बंगाल की खाड़ी में भी कम दबाव का क्षेत्र बनने जा रहा है, जिसके प्रभाव से प्रदेश में कई क्षेत्रों में मानसून पूर्व की अच्छी वर्षा होने के भी आसार हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी पीके रायकवार ने बताया कि वर्तमान में अरब सागर के दक्षिणी कोंकण तट के पास कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। यहां से एक द्रोणिका दक्षिण-मध्य महाराष्ट्र, दक्षिण मराठवाड़ा, उत्तरी तेलंगाना से दक्षिणी छत्तीसगढ़ तक बनी हुई है।




