कोलकाता में निर्माणाधीन गोदाम की छत गिरी, मलबे में 40 से अधिक लोगों के फंसे होने की आशंका; रेस्क्यू जारी

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के तारातला इलाके में बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां निर्माणाधीन गोदाम की पहली मंजिल की छत का लोहे का ढांचा अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिससे वहां काम कर रहे कई मजदूर मलबे में दब गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मलबे में 40 से अधिक लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और तत्काल बचाव अभियान शुरू किया गया।
अब तक 13 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि हादसे के समय निर्माण स्थल पर कुल कितने लोग मौजूद थे। आशंका जताई जा रही है कि बड़ी संख्या में मजदूर अभी भी मलबे के नीचे फंसे हो सकते हैं।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस, आपदा प्रबंधन दल और सेना की टीमें मौके पर पहुंच गईं। बचावकर्मी गैस कटर की मदद से लोहे के ढांचे को काटकर अंदर फंसे लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं। राहत एवं बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है और अतिरिक्त टीमों को भी मौके पर बुलाया जा रहा है।
इस बीच, पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री डॉ. इंद्रनील खान भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि फिलहाल प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह निर्माण अवैध था और इसकी नींव उस समय रखी गई थी जब तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सत्ता में थी।
पश्चिम बंगाल पुलिस का आपदा प्रबंधन समूह भी राहत कार्य में जुटा हुआ है। प्रशासन ने आसपास के इलाके को घेर लिया है और लोगों से घटनास्थल के पास नहीं जाने की अपील की है। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल पूरे इलाके में तनाव और चिंता का माहौल बना हुआ है।




