MP Damoh News: दमोह। मध्य प्रदेश के आनंद विभाग के मंत्री और पथरिया विधायक लखन पटेल का सड़कों को लेकर दिया गया बयान इन दिनों चर्चा में है। पथरिया विधानसभा क्षेत्र में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने नई पीढ़ी के नजरिए और पुराने समय की सड़क व्यवस्था की तुलना करते हुए कहा कि आज की पीढ़ी ने वह दौर देखा ही नहीं, जब कई जगह सड़कें हुआ ही नहीं करती थीं। उनके बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
कार्यक्रम में मंत्री लखन पटेल ने एक प्रसंग सुनाते हुए कहा कि उनके एक मित्र ने सड़क पर बने गड्ढों को लेकर उनसे सवाल किया था। इस पर उन्होंने कहा कि उनसे कहिए कि अपने दद्दा यानी बुजुर्ग से पूछें कि उन्होंने कभी सड़क देखी है या नहीं।
मंत्री ने कहा कि आज की पीढ़ी को सड़क पर गड्ढे दिखाई देते हैं, लेकिन उसने वह समय नहीं देखा जब कई इलाकों में सड़कें ही नहीं थीं। उनके मुताबिक, नई पीढ़ी ने अपने जीवन में पहले की तुलना में बेहतर सुविधाएं देखी हैं, जबकि पुरानी पीढ़ी ने आवागमन की कठिन परिस्थितियों का सामना किया है।
‘पहले बारिश में छह महीने की तैयारी करनी पड़ती थी’
लखन पटेल ने पुराने समय की परिस्थितियों का जिक्र करते हुए कहा कि बारिश के दिनों में लोग पहले से ही राशन-पानी की व्यवस्था करके रखते थे। आवागमन के साधन और सड़कें पर्याप्त नहीं होने के कारण बारिश के दौरान कई महीनों तक बाहरी लोगों के आने-जाने की उम्मीद नहीं रहती थी।
उन्होंने मौजूदा परिवहन व्यवस्था का उदाहरण देते हुए कहा कि आज गांव और कस्बों से लोग करीब 15 से 20 मिनट में तहसील या विकासखंड मुख्यालय तक पहुंच सकते हैं।
‘जो काम हो गया, उसकी बात नहीं करते’
मंत्री ने कहा कि आमतौर पर लोग जो काम हो चुका है, उसकी चर्चा कम करते हैं और जो काम नहीं हुआ है, उसकी बात ज्यादा होती है। उन्होंने सरकार की ओर से किए गए विकास कार्यों को भी देखने की अपील की।
उन्होंने कहा कि वह चाहते हैं कि युवा अपनी बात खुलकर रखें, लेकिन उन्हें यह भी देखना चाहिए कि सरकार ने अब तक क्या काम किए हैं।
पथरिया की सड़कों को लेकर उठ रहे सवाल
मंत्री के बयान के बीच पथरिया विधानसभा क्षेत्र की सड़कों की स्थिति भी चर्चा में आ गई है। पथरिया, बटियागढ़ समेत कई इलाकों में सड़क की बदहाली को लेकर स्थानीय लोगों और युवाओं के वीडियो सामने आते रहे हैं। ऐसे में सड़कों को लेकर मंत्री का बयान सामने आने के बाद विपक्ष को सरकार को घेरने का नया मुद्दा मिल सकता है।
विकास कार्यों और सड़क व्यवस्था को लेकर मंत्री का दावा जहां चर्चा में है, वहीं जर्जर सड़कों को लेकर स्थानीय लोगों की शिकायतें भी सवाल खड़े कर रही हैं। फिलहाल मंत्री लखन पटेल के बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक बहस तेज होने के आसार हैं।