J&K Assembly Elections Voting Live : जम्मू कश्मीर में बीते 10 सालों में पहली बार विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। आज पहले चरण के तहत कुल 7 जिलों में मतदान है। जम्मू क्षेत्र के 3 जिलों और कश्मीर घाटी के 4 जिलों में कुल 24 सीटों पर 90 निर्दलीयों सहित 219 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। बता दें कि अगस्त 2019 में अनुच्छेद 370 निरस्त किए जाने के बाद से जम्मू कश्मीर में यह पहला विधानसभा चुनाव है।
आज जिन निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान हो रहा है उनमें पंपोर, त्राल, पुलवामा, राजपोरा, जैनापोरा, शोपियां, डीएच पोरा, कुलगाम, देवसर, दोरू, कोकेरनाग (एसटी), अनंतनाग पश्चिम, अनंतनाग, श्रीगुफवारा-बिजबेहरा, शांगस-अनंतनाग पूर्व, पहलगाम, इंदरवाल, किश्तवाड़, पैडर-नागसेनी, भद्रवाह, डोडा, डोडा पश्चिम, रामबन और बनिहाल शामिल हैं।
13 पार्टियों में मुकाबला
बता दें कि जम्मू-कश्मीर में कुल तीन चरणों में वोटिंग होनी है। पहले चरण में 18 सितंबर यानी आज वोटिंग हो रही है। दूसरे में 25 सितंबर और तीसरे फेज में 1 अक्टूबर को वोटिंग होनी है। इन सभी चरणों के नतीजे 8 अक्टूबर को आएंगे। 90 सीटों वाली विधानसभा में बहुमत के लिए 13 मुख्य दलों में मुकाबला हो रहा है। क्षेत्रीय पार्टियों में महबूबा मुफ्ती के नेतृत्व वाली पीडीपी और उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली नेशनल कॉन्फ्रेंस इस चुनाव में प्रमुखता से मैदान में हैं। नेशनल कॉन्फ्रेंस मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस के साथ गठबंधन कर चुनावी मैदान में उतरी है।
पीएम मोदी ने की J-K के लोगों से वोटिंग की अपील
जम्मू-कश्मीर में पहले चरण के चुनाव शुरू होने पर पीएम मोदी ने वोटिंग की अपील की है. उन्होंने कहा,’जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के पहले चरण के शुरू होने के साथ, मैं आज मतदान करने वाले सभी निर्वाचन क्षेत्रों के लोगों से बड़ी संख्या में मतदान करने और लोकतंत्र के उत्सव को मजबूत करने का आग्रह करता हूं. मैं विशेष रूप से युवा और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं से अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आग्रह करता हूं.’
As the first phase of the Jammu and Kashmir Assembly elections begins, I urge all those in constituencies going to the polls today to vote in large numbers and strengthen the festival of democracy. I particularly call upon young and first-time voters to exercise their franchise.
— Narendra Modi (@narendramodi) September 18, 2024




