Floods in Afghanistan : अफगानिस्तान में तबाही का मंजर! बाढ़ ने ली करीब 300 लोगों की जान, कई लोग घायल
Floods in Afghanistan : अफगानिस्तान में अचानक आई बाढ़ में 300 से अधिक अफगान लोगों की मौत हुई है। बाढ़ की वजह से अफगानिस्तान के उत्तरी प्रांत बगलान में 1,000 से अधिक घर भी नष्ट हो गए हैं।
Floods in Afghanistan : अफगानिस्तान में अचानक आई बाढ़ में 300 से अधिक अफगान लोगों की मौत हुई है। बाढ़ की वजह से अफगानिस्तान के उत्तरी प्रांत बगलान में 1,000 से अधिक घर भी नष्ट हो गए हैं। संयुक्त राष्ट्र विश्व खाद्य कार्यक्रम ने शनिवार को कहा कि वह बाढ़ से बचे लोगों को बिस्कुट वितरित कर रहा है। यह बाढ़ पिछले कुछ हफ्तों में अफगानिस्तान में असामान्य रूप से भारी बारिश के बाद आई है।
बगलान प्रांत सबसे अधिक प्रभावित
बाढ़ के चपेट में आने से सैकड़ों लोग घायल भी हुए हैं। तालिबान के एक अधिकारी ने सटीक आंकड़े दिए बिना शनिवार को यह जानकारी दी। देश का उत्तरी क्षेत्र बाढ़ से सर्वाधिक प्रभावित हुआ है। बगलान प्रांत बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। पड़ोसी तखर प्रांत में सरकारी स्वामित्व वाले मीडिया संस्थानों ने बाढ़ से कम से कम 20 लोगों की मौत होने की खबर दी है।
हुआ आर्थिक नुकसान
तालिबान सरकार के मुख्य प्रवक्ता जबीउल्ला मुजाहिद ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “इस विनाशकारी बाढ़ में सैंकड़ों लोगों की मौत हुई है जबकि काफी संख्या में लोग घायल हुए हैं।” मुजाहिद ने बदख्शां, बगलान, घोर और हेरात प्रांतों को सबसे ज्यादा प्रभावित बताया। उन्होंने कहा कि “व्यापक तबाही” के परिणामस्वरूप “काफी वित्तीय नुकसान” हुआ है।




