August 3, 2026 |

BREAKING NEWS

ब्रेकिंगमध्यप्रदेश

Datia By Election Result: दतिया उपचुनाव में कांग्रेस का परचम, भाजपा को 6056 वोटों से हराकर सीट बरकरार

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

Datia By Election Result: दतिया। मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस ने लगातार दूसरी बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मात देते हुए बड़ी जीत दर्ज की है। कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने भाजपा उम्मीदवार आशुतोष तिवारी को 6056 मतों के अंतर से पराजित कर विधानसभा सीट अपने नाम कर ली। इस जीत को कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक सफलता माना जा रहा है, क्योंकि यह वही सीट है जहां वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस ने तत्कालीन गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को हराया था।

नरोत्तम मिश्रा के बूथ पर भी भाजपा को झटका

उपचुनाव के परिणामों में सबसे अधिक चर्चा पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के पोलिंग बूथ नंबर 121 की रही। इस बूथ पर भी भाजपा को हार का सामना करना पड़ा। यहां कांग्रेस को 291 वोट, जबकि भाजपा को 264 वोट मिले। पूर्व मंत्री के अपने बूथ पर भाजपा की हार को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।

शुरुआती राउंड में कांग्रेस की मजबूत बढ़त

मतगणना के दौरान शुरुआत से ही कांग्रेस बढ़त बनाए रही। नौवें राउंड तक कांग्रेस की बढ़त 9519 वोटों तक पहुंच गई थी। इसके बाद 14वें राउंड में कांग्रेस को 6614 और भाजपा को 3100 वोट मिले, जिससे बढ़त घटकर 7459 वोट रह गई। अंतिम चरणों में भाजपा ने कुछ अंतर कम किया, लेकिन कांग्रेस ने अपनी बढ़त बरकरार रखते हुए अंततः 6056 वोटों से जीत दर्ज की।

मतगणना केंद्र पर हुआ विवाद

मतगणना के दौरान नौवें राउंड में ईवीएम रखने के स्थान को लेकर भाजपा और कांग्रेस के एजेंटों के बीच तीखी बहस और नोकझोंक भी हुई। कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर मामला शांत कराया। इसके बाद मतगणना की प्रक्रिया सामान्य रूप से जारी रही।

हार के बाद भाजपा करेगी समीक्षा

परिणाम घोषित होने के बाद भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने कहा कि पार्टी इस हार की समीक्षा करेगी। उन्होंने कहा कि “जो लोग भाजपा को अपनी मां कहते हैं, उन्होंने ही पार्टी के साथ धोखा किया है।” उनके इस बयान को पार्टी के भीतर संभावित गुटबाजी और भीतरघात की ओर इशारा माना जा रहा है।

कांग्रेस ने जनता का जताया आभार

विजेता कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने अपनी जीत का श्रेय दतिया की जनता को देते हुए सभी मतदाताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भाजपा जिस भीतरघात की बात कर रही है, उससे चुनाव परिणाम पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा। जनता ने विकास और जनहित के मुद्दों पर कांग्रेस को समर्थन दिया है।

राजेंद्र भारती की सदस्यता खत्म होने के बाद हुआ उपचुनाव

दतिया विधानसभा सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को सहकारी ग्रामीण विकास बैंक फ्रॉड मामले में दो वर्ष की सजा मिलने के बाद खाली हुई थी। उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त होने के कारण इस सीट पर उपचुनाव कराया गया। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में राजेंद्र भारती ने तत्कालीन गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को 7742 वोटों से हराकर बड़ा उलटफेर किया था।

पीसी शर्मा ने दी मतदाताओं को बधाई

उपचुनाव परिणाम आने के बाद भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचे पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने दतिया की जनता और मतदाताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह जीत प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ जनता के जनादेश को दर्शाती है और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close