September 13, 2026 |

BREAKING NEWS

देशब्रेकिंग

CM योगी का ऐलान- देश के लिए मेडल जीतने वाले यूपी के खिलाड़ियों को मिलेगी सरकारी नौकरी

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोरखपुर में आयोजित रैली को संबोधित करते हुए युवाओं से राज्य की खेल नीति का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जो भी युवा देश के लिए मेडल जीतकर आएगा, उसे उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से सीधे सरकारी नौकरी दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को दिए जाने वाले पुरस्कारों की भी जानकारी दी।

ओलंपिक गोल्ड जीतने पर 6 करोड़ रुपये का इनाम

सीएम योगी ने बताया कि ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतने वाले खिलाड़ी को उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से 6 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी जाती है। सिल्वर मेडल जीतने वाले खिलाड़ी को 4 करोड़ और ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाले खिलाड़ी को 2 करोड़ रुपये दिए जाते हैं।

उन्होंने बताया कि ओलंपिक में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को 10 लाख रुपये की सहायता दी जाती है। वहीं कॉमनवेल्थ और एशियाई खेलों में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को 5-5 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाती है। मुख्यमंत्री ने युवाओं से इन अवसरों का लाभ उठाने और खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने की अपील की।

खेलों से जुड़ेंगे युवा तो नशे से रहेंगे दूर

सीएम योगी ने युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए कहा कि युवा जितना अधिक खेल और खेलकूद की गतिविधियों से जुड़ेंगे, उतना ही नशे से दूर रहेंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ड्रग्स और स्मार्टफोन का अत्यधिक इस्तेमाल युवाओं के लिए चिंता का विषय है।

मुख्यमंत्री ने ड्रग माफिया के खिलाफ जागरूक नागरिकों से लड़ाई में सहयोग करने की अपील की। साथ ही उन्होंने युवाओं को स्मार्टफोन के अत्यधिक इस्तेमाल से बचने की सलाह भी दी।

माफिया प्रवृत्ति से युवा शक्ति को बचाने पर जोर

गोरखपुर की रैली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि माफिया प्रवृत्ति युवा शक्ति की सबसे बड़ी दुश्मन है। शिक्षा माफिया, खेल माफिया, ड्रग माफिया या किसी भी क्षेत्र में सक्रिय माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी है।

सीएम योगी ने कहा कि युवा शक्ति को माफिया प्रवृत्ति से बचाने के लिए खेल और खेल संस्कृति को बढ़ावा देना जरूरी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी माफिया ने युवाओं के जीवन के साथ खिलवाड़ किया तो उसकी संपत्ति जब्त कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कॉमनवेल्थ में यूपी के 9 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल ही में हुए कॉमनवेल्थ खेलों में उत्तर प्रदेश के 9 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से तीन खिलाड़ियों ने देश के लिए मेडल हासिल किए। इनमें एक गोल्ड, एक सिल्वर और एक ब्रॉन्ज मेडल शामिल है।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close