CM मोहन यादव ने चिन्मय अमृत यात्रा को दिखाई हरी झंडी, कहा- गीता को जन-जन तक पहुंचाने में स्वामी चिन्मयानंद का अहम योगदान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को सीएम हाउस से चिन्मय अमृत यात्रा को हरी झंडी दिखाकर झांसी के लिए रवाना किया।

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को सीएम हाउस से चिन्मय अमृत यात्रा को हरी झंडी दिखाकर झांसी के लिए रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वामी चिन्मयानंद को महान संत, विचारक और आध्यात्मिक विभूति बताते हुए भारतीय संस्कृति और श्रीमद्भगवद्गीता के प्रचार-प्रसार में उनके योगदान को याद किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि स्वामी चिन्मयानंद ने भारतीय समाज और युवाओं के नैतिक विकास के साथ-साथ श्रीमद्भगवद्गीता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि स्वामी चिन्मयानंद के बताए मार्ग पर चलने का प्रयास सभी को करना चाहिए।
सामाजिक और शैक्षणिक कार्यों की सराहना
मुख्यमंत्री ने चिन्मयानंद मिशन की ओर से किए जा रहे सामाजिक और शैक्षणिक कार्यों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि मिशन देशभर में स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालयों के माध्यम से शिक्षा के साथ सामाजिक परंपराओं और मूल्यों को मजबूत करने की दिशा में काम कर रहा है। कार्यक्रम में चिन्मयानंद मिशन के स्वामी मित्रानंद सरस्वती महाराज सहित मिशन के अनुयायी मौजूद रहे।
छत्तीसगढ़ से मध्य प्रदेश पहुंची यात्रा
चिन्मय अमृत यात्रा छत्तीसगढ़ से मध्य प्रदेश पहुंची थी। प्रदेश में यात्रा रीवा, सतना, बैतूल और नर्मदापुरम होते हुए भोपाल पहुंची। इससे पहले यात्रा खंडवा और इंदौर से भी होकर गुजर चुकी है। भोपाल पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यात्रा को झांसी के लिए रवाना किया। इस दौरान उन्होंने चिन्मयानंद मिशन के सामाजिक अभियानों के लिए मध्य प्रदेश सरकार की ओर से शुभकामनाएं दीं।




