Champions Trophy Team India Squad Announced : आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया गया है। चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर और कप्तान रोहित शर्मा ने शनिवार को मुंबई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस बात की जानकारी दी है कि किन-किन खिलाड़ियों को आईसीसी के इस मेगा इवेंट के लिए चुना गया है। रोहित शर्मा आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे। रोहित शर्मा से फैंस को बड़ी उम्मीदें हैं, क्योंकि पिछले साल ही उन्होंने भारत को 2024 टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी दिलाई थी। अब रोहित शर्मा का टारगेट भारत को आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का खिताब जिताना है।
मोहम्मद शमी की वापसी
शमी-बुमराह की जोड़ी के अलावा अर्शदीप सिंह भी तेज गेंदबाजी विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगे। भारतीय क्रिकेट टीम को पाकिस्तान और दुबई में आयोजित होने जा रही चैंपियंस ट्रॉफी में ग्रुप ए में रखा गया है। ग्रुप ए में टीम इंडिया के अलावा पाकिस्तान, बांग्लादेश और न्यूजीलैंड भी शामिल हैं। भारत दुबई में 20 फरवरी को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में बांग्लादेश के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा।
मोहम्मद सिराज और संजू सेमसन को नहीं मिली जगह
आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए मोहम्मद सिराज और संजू सेमसन को टीम इंडिया में शामिल नहीं किया गया है। जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, अर्शदीप सिंह को बतौर तेज गेंदबाज इस बड़े टूर्नामेंट के लिए चुना गया है। इसके अलावा करुण नायर को चैम्पियंस ट्रॉफी की टीम और इंग्लैंड के खिलाफ वनडे टीम में जगह नहीं दी गई है। विजय हजारे ट्रॉफी में 752 रन बनाने वाले करुण नायर भारतीय टीम में जगह बनाने में असफल रहे। यशस्वी जायसवाल को चैंपियंस ट्रॉफी और इंग्लैंड के खिलाफ वनडे के लिए टीम में सलामी बल्लेबाज के तौर पर शामिल किया गया है।
चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारत की टीम
रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), केएल राहुल (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, अर्शदीप सिंह, रवींद्र जडेजा, यशस्वी जायसवाल।
20 फरवरी को भारत का पहला मैच
ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2025 टूर्नामेंट में टीम इंडिया अपने अभियान की शुरुआत 20 फरवरी को बांग्लादेश के खिलाफ मैच से करेगा। ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2025 टूर्नामेंट 19 फरवरी से 9 मार्च तक खेला जाएगा। चैंपियंस ट्रॉफी में भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबला 23 फरवरी को दुबई में खेला जाएगा। 2 मार्च को टीम इंडिया का सामना खतरनाक टीम न्यूजीलैंड से होगा। भारत अगर चैंपियंस ट्रॉफी टूर्नामेंट में आगे बढ़ता है तो सेमीफाइनल और फाइनल सहित अपने सभी मैच दुबई में खेलेगा।




