April 22, 2026 |

BREAKING NEWS

देशप्रदेशब्रेकिंग

CG Naxalite Surrender: सुरक्षाबलों को मिली बड़ी सफलता, छग में 7 नक्सलियों ने किया सरेंडर, 37 लाख का था इनाम

CG Naxalite Surrender: गरियाबंद जिले में सात नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के सामने सरेंडर किया है। इन नक्सलियों पर कुल 37 लाख रुपये का इनाम भी घोषित था।

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

CG Naxalite Surrender: गरियाबंद: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में सात नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के सामने सरेंडर किया है। इन नक्सलियों पर कुल 37 लाख रुपये का इनाम भी घोषित था। पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को इस बारे में जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में चार महिला नक्सली समेत सात नक्सलियों ने सरेंडर किया है। इनकी पहचान- डिविजनल कमेटी सदस्य सुनील उर्फ जगतार सिंह, सुनील की पत्नी और उदंती एरिया कमेटी की सचिव अरीना टेकाम उर्फ सुगरो, उदंती एरिया कमेटी की डिप्टी कमांडर विद्या उर्फ जमली, एरिया कमेटी सदस्य लुदरो उर्फ अनिल, एरिया कमेटी सदस्य नंदनी, एरिया कमेटी सदस्य कांति और मल्लेश के रूप में की गई है।

सातों पर घोषित था इनाम

पुलिस अदिकारियों ने बताया कि सुनील और अरीना पर आठ-आठ लाख रूपए का इनाम है। वहीं विद्या, लुदरो, नंदनी और कांति पर पांच-पांच लाख रूपए का इनाम है तथा मल्लेश पर एक लाख रूपए का इनाम है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नक्सलियों ने छह हथियारों के साथ सरेंडर किया है। इन लोगों के पास इंसास और एसएलआर राइफल भी थी। उन्होंने बताया कि नक्सली सुनील उर्फ जगतार सिंह हरियाणा के कुरुक्षेत्र का निवासी है। वह जनवरी 2004 में यमुनानगर (हरियाणा) में माओवादियों द्वारा संचालित शिवालिक जनसंघर्ष मंच से जुड़ा। इस मंच में कार्य करने के दौरान शहरी नेटवर्क से जुडे बड़े नक्सली नेता लंकापापारेड्डी और सुब्रमण्यम के साथ दिल्ली क्षेत्र में मुलाकात कर इनके दिशा-निर्देश में कार्य करने लगा।

अलग-अलग जगहों के हैं नक्सली

अधिकारियों ने बताया कि सुनील का दिसंबर 2015 में नक्सल संगठन के शहरी नेटवर्क और मैनपुर-नुआपाडा डिवीजन में सक्रिय रहे मनदीप से सोलन (हिमाचल प्रदेश) में संपर्क हुआ और मनदीप के साथ नुआपाडा (ओडिशा) के बोडेन के जंगल में आया। वहां केंद्रीय समिति सदस्य संग्राम उर्फ मुरली से मुलाकात कर नक्सल संगठन में भर्ती हुआ और उन्हीं के साथ गरियाबंद (छत्तीसगढ़)-नुआपाडा (ओडिशा) के सीमावर्ती क्षेत्र में कार्य करने लगा। बाद में इसने नक्सली अरीना से विवाह कर लिया। उन्होंने बताया कि नक्सली अरीना और कांति कांकेर जिले की, विद्या बीजापुर जिले की, लुदरो दंतेवाड़ा जिले का तथा नंदनी और मल्लेश सुकमा जिले के निवासी हैं।

कई घटनाओं में थे शामिल

अधिकारियों ने बताया कि सरेंडर करने वाले नक्सलियों के खिलाफ पुलिस दल पर हमला, बारूदी सुरंग में विस्फोट, वाहनों में आगजनी करने समेत अन्य नक्सली घटनाओं में शामिल होने का आरोप है। उन्होंने बताया कि नक्सलियों ने माओवादियों की खोखली हो चुकी विचारधारा और जंगल की परेशानियों से तंग आकर तथा शासन की पुनर्वास नीति और आत्मसमर्पित साथियों के खुशहाल जीवन से प्रभावित होकर आत्मसमर्पण करने का फैसला किया है। अधिकारियों ने बताया कि नक्सलियों को राज्य सरकार की आत्मसमर्पण और पुनर्वास नीति का लाभ दिया जाएगा।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close