Bhind Accident News: भिंड में भीषण सड़क हादसा, पिकअप-डंपर की टक्कर में 8 मजदूरों की मौत; 32 घायल
NH-719 पर छीमका गांव के पास हादसा, लखीमपुर खीरी के मजदूर धान रोपाई का काम पूरा कर लौट रहे थे घर

Bhind Accident News: भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड जिले में मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में 8 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि करीब 32 मजदूर घायल हुए हैं। हादसा ग्वालियर-भिंड-इटावा नेशनल हाईवे-719 पर छीमका गांव के पास हुआ। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी मजदूर उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
डबरा-चीनोर से लौट रहे थे मजदूर
जानकारी के मुताबिक, सभी मजदूर मध्य प्रदेश के डबरा-चीनोर इलाके में धान की रोपाई का काम करने गए थे। काम पूरा होने के बाद वे पिकअप लोडिंग वाहन से अपने घर लखीमपुर खीरी लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में छीमका मोड़ के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया।
गोवंश को बचाने के दौरान अनियंत्रित हुई पिकअप
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा रात करीब 1 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि हाईवे पर गोवंश बैठा था। उसे बचाने के प्रयास में मजदूरों से भरी पिकअप अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रहे डंपर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और कई मजदूर सड़क पर जा गिरे।
अस्पताल में 5 ने तोड़ा दम, रास्ते में 3 की मौत
हादसे की सूचना मिलते ही गोहद चौराहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। डायल-112 और एंबुलेंस की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने 5 मजदूरों को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल करीब 26 मजदूरों को बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया। ग्वालियर ले जाते समय रास्ते में तीन और घायलों की मौत हो गई। इसके बाद हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 8 हो गई।
कई घायलों की हालत गंभीर
हादसे में घायल मजदूरों का इलाज ग्वालियर समेत अलग-अलग अस्पतालों में कराया जा रहा है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे में पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है।
हादसे ने खड़े किए सड़क सुरक्षा पर सवाल
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में गोवंश को बचाने के दौरान पिकअप के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। इस हादसे ने एक बार फिर NH-719 पर सड़क सुरक्षा और हाईवे पर आवारा गोवंश की मौजूदगी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक साथ कई मजदूरों की मौत से उनके परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
सीएम योगी ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख की सहायता
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भिंड में हुए इस दर्दनाक हादसे में लखीमपुर खीरी के मजदूरों की मौत पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मध्य प्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन के साथ तत्काल समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक मजदूर के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है, फिलहाल पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है और घायलों के उपचार पर भी नजर रखी जा रही है।




