June 4, 2026 |

BREAKING NEWS

देशब्रेकिंग

Aaj Ka Mausam 07 September 2025: आज भी बारिश से राहत नहीं, कई जगहों पर अलर्ट, जानें आपके शहर में कैसा रहेगा मौसम

Aaj Ka Mausam 07 September 2025: राजधानी दिल्ली सहित देश के कई राज्यों में बारिश और बाढ़ की वजह से आम लोगों की जनजीवन अस्त-व्यस्त है।

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

Aaj Ka Mausam 07 September 2025: नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली सहित देश के कई राज्यों में बारिश और बाढ़ की वजह से आम लोगों की जनजीवन अस्त-व्यस्त है। हालांकि मौसम विभाग की मानें तो अभी भी बारिश से राहत नहीं मिलने वाली है। एक तरफ जहां राजधानी दिल्ली में यमुना नदी उफान पर है तो वहीं पहाड़ी राज्यों में लगातार भारी बारिश और भूस्खलन से जुड़ी घटनाएं सामने आ रही हैं। यहां भूस्खलन की वजह से कई सड़कों को भी बंद कर दिया गया है, जिससे सैकड़ों लोग जहां-तहां फंसे हुए हैं। इसके अलावा हरियाणा और पंजाब में भी बाढ़ से तबाही का मंजर देखने को मिल रहा है।

घट रहा यमुना का जलस्तर

राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में यमुना नदी का पानी घुस गया है। हालांकि अब दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर घटने भी लगा है। रविवार सुबह पांच बजे यमुना का जलस्तर 205.65 दर्ज किया गया। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही यमुना का पानी दिल्ली के रिहायशी इलाकों से नीचे उतरेगा। वहीं मौसम की बात करें तो आज भी दिल्ली-एनसीआर में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने दिल्ली और आस-पास के इलाकों में दोपहर बाद या शाम तक बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा आसमान में रह-रह कर धूप भी खिली रहेगी।

पंजाब में बाढ़ से तबाही

दिल्ली के अलावा पंजाब की बात करें तो यह राज्य भी आपदा की चपेट में है। पंजाब की नदियों में आई बाढ़ की वजह से करीब 23 जिले इसकी चपेट में आ गए हैं। पंजाब में बाढ़ की वजह से 46 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा लोगों के आशियाने, सामान और पशुधन को भी बाढ़ में खासा नुकसान हुआ है। पंजाब में 500 गांवों में 3.87 लाख से अधिक आबादी बाढ़ की चपेट में है। इसके अलावा 1.74 लाख हेक्टेयर फसल भी बर्बाद हो गई है। वहीं बाढ़ से राहत के लिए राहत अभियान लगातार चलाया जा रहा है।

पश्चिम यूपी में बारिश का अलर्ट

यूपी में अभी भी मानसून का असर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने पश्चिम उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आज भी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के भी कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक यूपी के कई इलाकों में भारी बारिश, जलभराव, और तेज हवाएं भी चलने की संभावना है। वहीं बारिश की वजह से यूपी में भी कई नदियां उफान पर हैं। यहां दिल्ली से होकर आने वाली यमुना नदी में बाढ़ है, जबकि गंगा और अन्य नदियां भी उफान पर हैं।

बिहार में भी अलर्ट

इसके अलावा बिहार के भी कुछ जिलों में मौसम विभाग ने बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने बिहार के कुछ जिलों में बिजली गिरने की आशंका जताई है। मौसम विभाग ने राज्य में हल्की बारिश की आशंका जताई है। इसके अलावा 9 सितंबर को पूरे राज्य में आंधी-बिजली और भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इसके बाद 10 सितंबर से बिहार के दक्षिण हिस्से में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close