Air India Plane Crash: गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद एक विमान क्रैश हो गया। इस हादसे के कई वीडियो भी सामने आए, जिसे देख कर यह अंदाजा लगाया जा रहा था कि इसमें किसी के बचने की कोई उम्मीद नहीं है। हालांकि अहमदाबाद में एक चमत्कार उस समय देखने को मिला जब विमान हादसे के कई घंटे बाद एक शख्स के जिंदा होने की खबर सामने आई। जानकारी के मुताबिक इस विमान में सवार एक ब्रिटिश नागरिक जिंदा बच गया है।
किस सीट पर बैठा था शख्स
दरअसल, जो ब्रिटिश नागरिक इस प्लेन हादसे में जिंदा बचा है, उसका सीट नंबर 11A था। यह सीट बिजनेस क्लास की सीटों के बाद इकॉनमी क्लास की सीटों में पहली पंक्ति में थी। इसके अलावा यह सीट एक्जिट रो के बिल्कुल पास थी। फ्लाइट में जिंदा बचे शख्स की पहचान 40 वर्षीय ब्रिटिश नागरिक रमेश विश्वास कुमार के रूप में की गई है। वहीं 242 लोगों से भरी फ्लाइट में एक शख्स के जिंदा बचने को चमत्कार भी माना जा रहा है। फिलहाल रमेश विश्वास कुमार घायल हैं, जिनका उपचार कराया जा रहा है। रमेश विश्वास कुमार का बोर्डिंग पास भी सामने आया है, जिसमें सीट नंबर 11A लिखा हुआ है।
जिंदा मिले शख्स का चल रहा इलाज
एएनआई से फोन पर बात करते हुए अहमदाबाद के पुलिस कमिश्नर जीएस मलिक ने कहा, “पुलिस को सीट नंबर 11A पर एक जीवित व्यक्ति मिला। व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। अभी तक मौतों की संख्या के बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता। मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि विमान आवासीय क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हुआ।” अहमदाबाद के पुलिस कमिश्नर का कहना है कि एयर इंडिया प्लेन क्रैश में अब तक एक यात्री जिंदा मिला है। इसके अलावा और भी कई यात्री जिंदा हो सकते हैं।




