MP News : एमपी सरकार से नाखुश किसान संघ, 5 फरवरी को प्रदर्शन कर करेंगे मंत्रालय का घेराव
MP News : भारतीय किसान संघ एमपी की बीजेपी सरकार से नाराज है और मंत्रालय घेराव का ऐलान कर कर चुका है।

भोपाल। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ यानी आरएसएस का अनुषांगिक संगठन भारतीय किसान संघ एमपी की बीजेपी सरकार से नाराज है और मंत्रालय घेराव का ऐलान कर कर चुका है। भारतीय किसान संघ के मध्यभारत प्रांत के अध्यक्ष सर्वज्ञ दीवान ने सरकार पर आरोप लगाते हुए 5 फरवरी को मंत्रालय घेराव का ऐलान कर दिया। किसान संघ बिजली और फसल के रेट जैसे कई मुद्दों पर 5 फरवरी को भोपाल में बड़ा प्रदर्शन करेंगे।भारतीय किसान संघ के बैनरतले प्रदेश भर से किसान भोपाल पहुंचेंगे और अन्नदाता अधिकार रैली निकालने के बाद मंत्रालय का घेराव करेंगे।
सर्वज्ञ दीवान ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में किसान राजस्व विभाग के फौती नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, बटांकन, नक्शा सुधार जैसे कार्यों में की जा रही लूट से परेशान हो गया है। बिजली विभाग के द्वारा कृषि विद्युत कनेक्शन में हॉर्स पावर भार वृद्धि करने के कारण किसानों को बढ़े हुए बिजली के बिल भेजे जा रहे हैं। जिससे वे नाराज हैं। निरंकुश अफसरशाही के खिलाफ प्रदेश का किसान खेतों से निकलकर राजधानी की सड़कों पर 5 फरवरी को अपने अधिकार के लिए अन्नदाता अधिकार रैली मंत्रालय घेराव करने को मजबूर हो रहा है। अन्नदाता अधिकार रैली मंत्रालय घेराव में किसानों को शामिल करने के लिए किसान संघ के ग्राम समिति से लेकर प्रांत स्तर तक के पदाधिकारी गांव-गांव बैठकें कर रहे हैं।
उधर विपक्ष ने किसान संघ पर आरोप लगाया है कि देश के किसान शंभु बार्डर पर आंदोलन कर रहे है और उस आंदोलन को दबाने के लिए किसान संघ यहां आंदोलन कर रहा है जबकि किसान संघ के वैचारिक संगठन की सरकार प्रदेश में है यह सिर्फ नाटक नौटंकी है। उधर बीजेपी सरकार के बचाव में भी है और किसान संघ को किसान हितैषी राष्ट्रवादी भी बता रही है साथ ही विपक्ष पर निशाना साध रही है।




