New Chief Justice Sanjiv Khanna : नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट के दूसरे सबसे वरिष्ठ जज जस्टिस संजीव खन्ना देश के अगले मुख्य न्यायाधीश होंगे। वर्तमान चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ ने जस्टिस खन्ना को अगला सीजेआई बनाने की सिफारिश केंद्र सरकार से की है। केंद्र सरकार यह सिफारिश मानती है तो 10 नवंबर को जस्टिस खन्ना सीजेआई पद संभालेंगे। वर्तमान जस्टिस चंद्रचूड़ उसी दिन सेवानिवृत हो रहे हैं। जस्टिस खन्ना का कार्यकाल 23 मई, 2025 तक होगा। यानी वह करीब साढ़े छह महीने इस पद पर रहेंगे।
केंद्र सरकार ने स्थापित नियमों के तहत सीजेआई से पिछले शुक्रवार को अनुरोध किया था कि वह अपने उत्तराधिकारी का नाम सुझाएं। इसी के जवाब में चीफ जस्टिस चंद्रचूड़ ने यह सिफारिश की है। जस्टिस संजीव खन्ना भारतीय न्यायपालिका में अपनी निष्पक्षता और कानूनी विद्वता के लिए जाने जाते हैं। सुप्रीम कोर्ट में प्रोन्नत होने से पहले वह दिल्ली हाईकोर्ट के जज रह चुके हैं। उन्हें 18 जनवरी, 2019 को सुप्रीम कोर्ट का जज बनाया गया था। जस्टिस खन्ना सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज जस्टिस हंसराज खन्ना के भतीजे हैं।
वकील से सुप्रीम न्यायाधीश तक का सफर
मूल रूप से दिल्ली के रहने वाले जस्टिस संजीव खन्ना डीयू से वकालत की पढ़ाई की है। इसके बाद उन्होंने 1983 में बार काउंसिल ऑफ दिल्ली में रजिस्ट्रेशन कराया और प्रैक्टिस शुरू कर दी। उन्होंने पहले तीस हजारी कोर्ट और साकेत कोर्ट में प्रैक्टिस की। कुछ दिन प्रैक्टिस के बाद वह दिल्ली हाईकोर्ट में शिफ्ट हो गए।
जस्टिस खन्ना को 24 जून 2005 को पहली बार दिल्ली हाई कोर्ट में एडिशनल जज नियुक्त किया गया। इसके बाद एक साल के अंदर ही उन्हें 20 फरवरी 2006 को परमानेंट जज नियुक्त कर दिया गया। करीब 13 साल हाईकोर्ट में बिताने के बाद 12 दिसंबर 2018 को तत्कालीन सीजेआई रंजन गोगोई की अगुवाई वाले सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने जस्टिस संजीव खन्ना को सुप्रीम कोर्ट में नियुक्त करने की सिफारिश की। इसके बाद वह 18 जनवरी 2019 को सुप्रीम को जज की भूमिका में पहुंच गए।




