
India Women vs New Zealand Women Match : महिला टी20 वर्ल्ड कप 2024 बहुत ही शानदार अंदाज में खेला जा रहा है और फैंस को रोज ही रोमांचक मुकाबले देखने को मिल रहे हैं। जहां भारतीय महिला टीम और न्यूजीलैंड की महिला टीमें एक ही ग्रुप में शामिल हैं। दोनों टीमों के बीच एक मुकाबला हो चुका है, जिसमें न्यूजीलैंड ने भारत को 58 रनों से पटखनी दी है। टी20 वर्ल्ड कप 2024 का फाइनल मुकाबला 20 अक्टूबर को खेला जाएगा। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक इसके बाद न्यूजीलैंड महिला टीम भारत दौरे पर आएगी, जहां वह तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलेगी। ये मैच 24, 27 और 29 अक्टूबर को खेले जाएंगे। ये मुकाबले आईसीसी महिला वनडे चैंपियनशिप 2022-25 का हिस्सा हैं।
अहमदाबाद में खेले जाएंगे सभी सीरीज के मैच
भारतीय महिला टीम और न्यूजीलैंड महिला टीम के बीच ये सीरीज पिछले साल ही होने वाली थी। लेकिन भारत के व्यस्त शेड्यूल के कारण इसे आगे बढ़ाना पड़ा। महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 का आयोजन भारत की धरती पर होना है। मेजबान होने की वजह से भारत ने पहले ही क्वालीफाई कर लिया है। उसके लिए टीम इंडिया अभी से तैयारी शुरू करना चाहेगी। इसी वजह से भारत बनाम न्यूजीलैंड सीरीज को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रखा गया है।
न्यूजीलैंड की टीम अभी तक वनडे वर्ल्ड कप 2025 के लिए नहीं कर पाई क्वालीफाई
आईसीसी महिला वनडे चैंपियनशिप का आयोजन वर्ल्ड कप के क्वालीफिकेशन के लिए करवाया जाता है। भारत तो क्वालीफाई कर चुका है, लेकिन न्यूजीलैंड की टीम ने अभी तक क्वालीफाई नहीं किया है और वह इस समय वुमेंस चैंपियनशिप में छठे नंबर पर काबिज है। ऐसे में भारत में होने वाली वनडे सीरीज बहुत ही अहम है।
न्यूजीलैंड महिला टीम का पलड़ा है भारी
भारतीय महिला टीम और न्यूजीलैंड महिला टीम के बीच अभी तक कुल 54 वनडे मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से 20 में भारतीय महिला टीम ने बाजी मारी है। वहीं 33 मैच न्यूजीलैंड की टीम जीतने में सफल रही है। दोनों टीमों के बीच एक मैच टाई रहा है। ऐसे में वनडे में भारतीय महिला टीम के खिलाफ न्यूजीलैंड महिला टीम का पलड़ा भारी है।



