Amarwara by-election 2024 : अमरवाड़ा में शाम 6 बजे तक 78.71 फीसदी हुई वोटिंग, 13 जुलाई को आएगा रिजल्ट
Amarwara by-election 2024 : मध्यप्रदेश में छिंदवाड़ा की अमरवाड़ा सीट पर कुल 78.38 फीसदी मतदान हुआ, जिसका 13 जुलाई को परिणाम आएगा।
Amarwara by-election 2024 : मध्यप्रदेश में छिंदवाड़ा की अमरवाड़ा सीट पर उपचुनाव के लिए वोटिंग हुई। अमरवाड़ा में 9 प्रत्याशी मैदान में हैं। बीजेपी के कमलेश शाह, कांग्रेस के धीरन शाह और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के देवरावेन भलावी के बीच मुकाबला है। यहां कुल 78.38 फीसदी मतदान हुआ, जिसका 13 जुलाई को परिणाम आएगा। बता दें कि 2023 में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर अमरवाड़ा से कमलेश शाह जीते थे। लोकसभा चुनाव से पहले वे बीजेपी में शामिल हो गए। इस वजह से यहां उपचुनाव हो रहा है।
पोलिंग बूथ पर हंगामा
अमरवाड़ा के स्कूल में बनाए गए पोलिंग बूथ के बाहर मतदान के दौरान हंगामा हो गया। एक मतदाता की डॉक्यूमेंट्स को लेकर सुरक्षाकर्मियों से बहस हो गई। गोंगपा प्रत्याशी भी मतदान केंद्र पर पहुंच गए। बातचीत के बाद हंगामा शांत हो गया। कांग्रेस प्रत्याशी धीरन शाह ने आंचलकुंड मतदान केंद्र के बूथ में वोट डाला।
मूलभूत सुविधाओं को लेकर बहिष्कार
अमरवाड़ा के मानेगांव ग्राम पंचायत के नांदिया गांव में मूलभूत सुविधाओं को लेकर गांव वालों ने मतदान का बहिष्कार कर दिया। 550 मतदाता हैं। गांव वालों का कहना है कि प्रशासनिक अधिकारी गांव पहुंचे, लेकिन कोई आश्वासन नहीं दिया। हर्रई की ग्राम पंचायत सलैया बुलाकी के ग्राम डावरी झील के लोगों ने वोट का बहिष्कार किया। साथ ही ये लोग मतदान स्थल पर रोड नहीं तो वोट नहीं लिखी हुई दफ्ती लेकर पहुंच गए।
अमरवाड़ा में 11 में जीती कांग्रेस, दो बार BJP
अमरवाड़ा विधानसभा सीट में 1951 से अब तक 14 चुनाव हुए हैं। इनमें भाजपा को दो बार जीत मिली है। जबकि, 11 बार कांग्रेस प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। 1990 में भाजपा प्रत्याशी के तौर पर मेहमान शाह उईके और 2008 में प्रेम नारायण ठाकुर ने जीत दर्ज की थी। 1967 में भारतीय जनसंघ के सिम्बल पर SJ ठाकुर ने चुनाव जीता। 1951 से 2023 तक 11 चुनाव कांग्रेस ने जीत दर्ज की।




