Neemuch News: नीमच में महिला समूहों और रसोइयों ने खोला मोर्चा, मानदेय बढ़ाने समेत कई मांगों को लेकर हड़ताल
Neemuch News: नीमच में महिला स्व-सहायता समूहों और महिला रसोइयों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर मोर्चा खोल दिया है।

Neemuch News: नीमच। नीमच में महिला स्व-सहायता समूहों और महिला रसोइयों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर मोर्चा खोल दिया है। मानदेय बढ़ाने, लंबित भुगतान जारी करने समेत कई मांगों को लेकर महिलाओं ने हड़ताल शुरू की है। प्रदर्शन के दौरान संगठन की पदाधिकारियों ने कलेक्ट्रेट परिसर में चकला-बेलन बजाकर विरोध जताया और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
महिला स्व-सहायता समूह संगठन का कहना है कि करीब 96 हजार महिला समूह संचालक और 2 लाख 32 हजार महिला रसोइया बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं के पोषण के साथ स्कूलों में मध्यान्ह भोजन की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। इसके बावजूद उन्हें कम मानदेय दिया जा रहा है। संगठन का आरोप है कि कई बार मानदेय का भुगतान महीनों तक लंबित रहता है, जिससे महिलाओं को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
मांगें पूरी नहीं होने पर हड़ताल जारी रखने की चेतावनी
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो हड़ताल जारी रखी जाएगी। संगठन ने योजनाओं की राशि हर माह निर्धारित तारीख पर जारी करने और लंबित भुगतान तत्काल करने की मांग की है।
मानदेय बढ़ाने और 12 महीने भुगतान की मांग
संगठन ने आंगनवाड़ी रसोइयों के 500 रुपये मासिक मानदेय में बढ़ोतरी करने की मांग की है। इसके साथ ही मध्यान्ह भोजन रसोइयों को 10 महीने के बजाय 12 महीने का मानदेय देने, ईंधन और परिवहन के लिए अलग राशि उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई है।
ड्रेस, पोषण आहार और अतिरिक्त काम के लिए राशि की मांग
महिलाओं ने पोषण आहार की लागत बढ़ाने, ड्रेस के लिए सालाना 1000 रुपये देने और अतिरिक्त कार्य के लिए अलग से मानदेय देने की मांग की है। इसके अलावा अनुभवी रसोइयों को प्राथमिकता देने और अनुबंध नवीनीकरण की प्रक्रिया को सरल बनाकर 5 साल करने की मांग भी संगठन की ओर से रखी गई है।




