September 12, 2026 |

BREAKING NEWS

क्राइमब्रेकिंगमध्यप्रदेश

MP Niwari News: शादी के नाम पर डेढ़ लाख की कथित ठगी, दो दिन बाद जेवर-मोबाइल लेकर दुल्हन फरार; जमीन रजिस्ट्री में भी धोखाधड़ी का आरोप

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

MP Niwari News: निवाड़ी: मध्यप्रदेश के निवाड़ी जिले में शादी के नाम पर कथित ठगी का मामला सामने आया है। असाटी गांव निवासी अनूप कुमार मिश्रा ने पुलिस को आवेदन देकर आरोप लगाया है कि शादी कराने के नाम पर उससे करीब डेढ़ लाख रुपये लिए गए और बाद में जमीन की रजिस्ट्री में भी कथित धोखाधड़ी की गई।

शिकायत के मुताबिक, कुछ लोगों ने करीब 10 से 15 दिनों तक शादी कराने की बात कहकर अनूप से संपर्क किया। इसके बाद 8 सितंबर 2026 को रामराजा मंदिर में एक अज्ञात युवती से उसकी शादी कराई गई। पीड़ित का आरोप है कि शादी के नाम पर उससे करीब डेढ़ लाख रुपये लिए गए, जिसमें कुछ रकम खाते में जमा कराई गई और बाकी नकद ली गई।

16 डिसमिल की जगह 33 डिसमिल जमीन की रजिस्ट्री का आरोप

मामले में अनूप कुमार ने जमीन की रजिस्ट्री को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के अनुसार, उसे 16 डिसमिल जमीन की रजिस्ट्री कराने की बात कही गई थी, लेकिन कथित तौर पर 33 डिसमिल जमीन की रजिस्ट्री करा ली गई। हालांकि, रजिस्ट्री और दस्तावेजों की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

शादी के दो दिन बाद घर से चली गई नवविवाहिता

शिकायतकर्ता के अनुसार, 10 सितंबर की रात करीब 12 बजे नवविवाहिता घर से कथित तौर पर सोने-चांदी के जेवर और मोबाइल लेकर चली गई। सुबह नींद खुलने पर युवती घर में नहीं मिली। इसके बाद अनूप ने संबंधित लोगों से जानकारी लेने की कोशिश की। आरोप है कि वहां उसके साथ अभद्रता की गई और उसे बाहर जाने के लिए कहा गया।

शादी कराने के नाम पर रकम लेने का भी आरोप

अनूप ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि संबंधित लोग लड़कियों की शादी कराने के नाम पर लोगों से रकम लेते हैं। शिकायत में बताया गया है कि भगवत कुशवाहा और अन्य लोग उसके घर शादी का प्रस्ताव लेकर पहुंचे थे और करीब 1.30 लाख रुपये की मांग की थी।

पुलिस से जांच और कार्रवाई की मांग

पीड़ित ने थाना निवाड़ी में आवेदन देकर पूरे मामले की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल शादी के नाम पर कथित ठगी, जेवर-मोबाइल ले जाने और जमीन की रजिस्ट्री से जुड़े आरोपों की वास्तविकता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close