September 11, 2026 |

BREAKING NEWS

छत्तीसगढ़देश

बिलासपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान फटा विमान का टायर, बड़ा हादसा टला; 41 यात्री सुरक्षित

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर एयरपोर्ट पर शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दिल्ली से बिलासपुर पहुंची अलायंस एयर की फ्लाइट की लैंडिंग के दौरान अचानक विमान का टायर फट गया।

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर एयरपोर्ट पर शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दिल्ली से बिलासपुर पहुंची अलायंस एयर की फ्लाइट की लैंडिंग के दौरान अचानक विमान का टायर फट गया। टायर फटने की घटना के बाद विमान में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी 41 लोग सुरक्षित हैं।

विमान में सवार थे 37 यात्री और 4 क्रू मेंबर

एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक घटना शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे की है। अलायंस एयर की उड़ान संख्या 9I613 बिलासपुर एयरपोर्ट पर उतर रही थी। इसी दौरान विमान के बाईं ओर का टायर पंचर हो गया और फट गया। विमान में उस समय 37 यात्री और चालक दल के 4 सदस्य, यानी कुल 41 लोग सवार थे। घटना के बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स को सुरक्षित विमान से बाहर निकाला और रनवे से टर्मिनल बिल्डिंग तक पहुंचाया।

बिलासपुर से आगे की उड़ान रद्द

टायर फटने की घटना के बाद विमानन कंपनी ने बिलासपुर से आगे जाने वाली उड़ान को रद्द कर दिया है। फिलहाल विमान की तकनीकी जांच और घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है। एयरपोर्ट अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि घटना में किसी यात्री या क्रू सदस्य के घायल होने की सूचना नहीं है। समय रहते सभी लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया।

दरभंगा एयरपोर्ट पर भी सामने आया था ऐसा मामला

इससे पहले बिहार के दरभंगा एयरपोर्ट पर भी लैंडिंग के दौरान विमान का टायर फटने की घटना सामने आई थी। मुंबई से दरभंगा पहुंची स्पाइसजेट की उड़ान संख्या SG-115 में करीब 148 यात्री सवार थे।

बताया गया कि सुबह करीब 9:48 बजे लैंडिंग के दौरान विमान का एक टायर फट गया। क्षतिग्रस्त पहिया कुछ दूरी तक रनवे पर घिसटता रहा, जिसके चलते विमान में तेज कंपन महसूस हुआ और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि विमान की सुरक्षित लैंडिंग हुई और सभी यात्रियों तथा चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बिलासपुर की घटना के बाद एयरपोर्ट प्रशासन और विमानन कंपनी की ओर से विमान की तकनीकी स्थिति की जांच की जा रही है।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close