
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को उनकी नई टीम मिल गई है। सोमवार को बीजेपी ने केंद्रीय संगठन में कई नेताओं को अहम जिम्मेदारियां सौंपी हैं। नई टीम में राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। वहीं पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है।
वसुंधरा राजे समेत कई नेताओं को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी
बीजेपी की नई टीम में वसुंधरा राजे सिंधिया, तीरथ सिंह रावत, राम माधव और बैजयंत जय पांडा को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं रेखा वर्मा को भी उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
स्मृति ईरानी समेत कई नेता बने महामंत्री
नई टीम में विनोद तावड़े और स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। इनके अलावा सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया को भी राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी मिली है। बीएल संतोष राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी पर बने रहेंगे।
तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों को टीम में जगह
नितिन नवीन की नई टीम में तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों को जगह मिली है। इनमें उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब और राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया शामिल हैं।
यूपी चुनाव को देखते हुए हरीश द्विवेदी को अहम जिम्मेदारी
नई टीम में उत्तर प्रदेश के बस्ती से आने वाले हरीश द्विवेदी को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। अगले साल उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में उनके अनुभव और संगठनात्मक भूमिका को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विनोद तावड़े और सुनील बंसल भी नई टीम का हिस्सा बने हैं।
संजय भाटिया और हेमांग जोशी को भी बड़ी जिम्मेदारी
हरियाणा से आने वाले संजय भाटिया को भी राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से जुड़े रहे हैं और पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के करीबी माने जाते हैं। वहीं गुजरात के वडोदरा से लोकसभा सांसद हेमांग जोशी को युवा मोर्चा की जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें युवाओं को पार्टी से जोड़ने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पीयूष गोयल बने राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष
बीजेपी की नई टीम में पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है। नई नियुक्तियों के साथ पार्टी ने केंद्रीय संगठन में अनुभवी नेताओं के साथ युवा चेहरों को भी जिम्मेदारी दी है।
press-release-nob-hin-17.08.2026




