Parliament Monsoon Session 2026: संसद के मानसून सत्र का आज 20वां दिन, लोकसभा में 4 बिल होंगे पेश; केरल का नाम बदलने समेत इन प्रस्तावों पर नजर

Parliament Monsoon Session 2026: नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र-2026 का आज 20वां दिन है। लंबे समय से जारी हंगामे के बाद अब सदन में चर्चा और विधेयकों को पारित कराने की प्रक्रिया तेज होने की उम्मीद है। विपक्ष की ओर से पेपर लीक और शिक्षा मंत्री को हटाने की मांग को लेकर पहले सदन की कार्यवाही बाधित की गई। पिछले एक सप्ताह से राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर भी विपक्ष लगातार हंगामा कर रहा है।
सोमवार को लोकसभा में चार महत्वपूर्ण विधेयक पेश किए जाने की तैयारी है। इनमें केरल का नाम बदलने, राष्ट्रीय सहकारिता विकास निगम में संशोधन, ट्रिब्यूनल सुधार और खान-खनिज कानून में संशोधन से जुड़े विधेयक शामिल हैं। वहीं राज्यसभा में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण बैंकर्स बुक्स से संबंधित संशोधन विधेयक पेश करेंगी।
लोकसभा में आज पेश होंगे ये 4 बिल
1. केरल (नाम परिवर्तन) विधेयक, 2026
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह केरल के आधिकारिक नाम को बदलकर ‘केरलम’ किए जाने से संबंधित विधेयक पेश करेंगे। इसके लिए सदन से विधेयक पेश करने की अनुमति मांगी जाएगी।
2. राष्ट्रीय सहकारिता विकास निगम संशोधन विधेयक, 2026
अमित शाह नेशनल को-ऑपरेटिव डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (NCDC) एक्ट, 1962 में संशोधन से जुड़ा विधेयक भी पेश करेंगे। इसका उद्देश्य सहकारिता क्षेत्र से संबंधित कानूनी प्रावधानों में बदलाव करना है।
3. ट्रिब्यूनल सुधार विधेयक, 2026
केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ट्रिब्यूनल सुधार विधेयक पेश करेंगे। प्रस्तावित कानून में विभिन्न न्यायाधिकरणों के अध्यक्षों और सदस्यों की योग्यता, नियुक्ति तथा सेवा शर्तों को लेकर प्रावधानों में बदलाव का प्रस्ताव है।
विधेयक का उद्देश्य ट्रिब्यूनल व्यवस्था में दक्षता, स्वतंत्रता, पारदर्शिता और एकरूपता बढ़ाना है। इसमें राष्ट्रीय न्यायाधिकरण आयोग (National Tribunals Commission) के गठन का प्रस्ताव भी शामिल है।
4. खान एवं खनिज संशोधन विधेयक, 2026
केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी खान और खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम, 1957 में संशोधन से संबंधित विधेयक सदन में पेश करेंगे।
राज्यसभा में बैंकर्स बुक्स बिल पेश करेंगी निर्मला सीतारमण
राज्यसभा में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण बैंकर्स बुक्स एविडेंस बिल, 2026 पेश करेंगी। यह विधेयक बैंकिंग रिकॉर्ड से संबंधित मौजूदा कानूनी प्रावधानों में बदलाव से जुड़ा है।
FCRA संशोधन बिल का विरोध करेगा विपक्ष
संसद की कार्यवाही के साथ-साथ विपक्षी दलों की रणनीति भी महत्वपूर्ण रहने वाली है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा है कि कांग्रेस FCRA संशोधन विधेयक का विरोध करेगी। इस मुद्दे पर विपक्षी दलों के फ्लोर लीडर्स की बैठक में चर्चा होने की संभावना है।
FCRA संशोधन विधेयक के संसद के मानसून सत्र के आखिरी सप्ताह में लोकसभा में पेश किए जाने की उम्मीद है। सरकार का कहना है कि प्रस्तावित संशोधनों का उद्देश्य विदेशी चंदे के नियमन में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाना है।
अब देखना होगा कि सोमवार को संसद में विपक्ष का हंगामा जारी रहता है या सरकार महत्वपूर्ण विधेयकों पर चर्चा और विधायी कामकाज आगे बढ़ाने में सफल होती है।




