September 12, 2026 |

BREAKING NEWS

ब्रेकिंगमध्यप्रदेश

मध्यप्रदेश को हवाई सेवाओं की बड़ी सौगात, 4 नई सीधी उड़ानें शुरू, भोपाल से शारजाह सेवा की भी तैयारी

राजधानी भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट से मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने भोपाल-रीवा, भोपाल-पटना, रीवा-कोलकाता और जबलपुर-कोलकाता की चार नई सीधी उड़ानों को हरी झंडी दिखाई।

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

भोपाल: मध्य प्रदेश को रविवार को हवाई संपर्क के लगातार विस्तार की दिशा में नई विमान सेवा की सौगात मिली है। राजधानी भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट से मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने भोपाल-रीवा, भोपाल-पटना, रीवा-कोलकाता और जबलपुर-कोलकाता की चार नई सीधी उड़ानों को हरी झंडी दिखाई। इस मौके उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, भोपाल सांसद आलोक शर्मा, कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग एवं अन्य नेताओं की उपस्थिति भी रही।

इन सेवाओं के शुरू होने से राजधानी भोपाल के साथ विंध्य और महाकौशल क्षेत्र का देश के प्रमुख शहरों से सीधा हवाई संपर्क मजबूत हुआ है। इस मौके पर सीएम मोहन यादव ने कहा कि राज्य ने हवाई संपर्क के विस्तार की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ाया है। इन नई हवाई सेवाओं से उद्योग, व्यापार और पर्यटन को लाभ मिलेगा। यात्रियों के समय और धन दोनों की बचत होगी। पर्यटकों के लिए प्रदेश के विभिन्न अंचलों में आवागमन भी सुगम होगा।

इसके अलावा मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि पिछले तीन साल में प्रदेश को तीन नए एयरपोर्ट मिले हैं और अब पांच नए एयरपोर्ट को मंजूरी मिली है। उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार हवाई सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए एयरलाइंस को वित्तीय सहायता दे रही है। प्रदेश में एयर कनेक्टिविटी का विस्तार आने वाले वर्षों में भी जारी रहेगा।

भोपाल से शारजाह के लिए जल्द उड़ान सेवा शुरू होने की संभावना

मुख्यमंत्री ने बताया कि इंदौर से अबूधाबी की अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू हो चुकी है, जबकि दो महीने बाद भोपाल से शारजाह के लिए अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू होने की संभावना है। इससे प्रदेश के यात्रियों को दिल्ली या मुंबई जाकर अंतरराष्ट्रीय उड़ान पकड़ने की जरूरत कम होगी। इसके साथ ही यात्रियों का समय और खर्च दोनों की बचत भी होगी।

सीएम ने केंद्रीय मंत्री के साथ की हवाई सेवाओं की समीक्षा

सीएम मोहन यादव ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू एवं अन्य अधिकारियों के साथ मध्यप्रदेश में एयरपोर्ट निर्माण एवं हवाई सेवाओं के विकास-विस्तार की समीक्षा भी की। सीएम ने कहा कि प्रदेश में 8 एयरपोर्ट बन चुके हैं। सागर, नीमच, छिंदवाड़ा, मण्डला, खण्डवा, रतलाम, मंदसौर, उमरिया एवं शहडोल एयरस्ट्रिप्स को केंद्र सरकार की उड़ान योजना के तहत एयरपोर्ट में परिवर्तित करने का प्रस्ताव तैयार है। उज्जैन और शिवपुरी में नए एयरपोर्ट का निर्माण जारी है। शिवपुरी का एयरपोर्ट ग्रीनफील्ड होगा। सिंगरौली में भी जल्द एयरपोर्ट बनेगा।

इसके अलावा उन्होंंने कहा​ कि प्रदेश में पीएमश्री एयर एंबुलेंस की सुविधा शुरू की गई है। जहां हवाई पट्टी उपलब्ध है वहां विमान और अन्य स्थानों से हेलीकॉप्टर के जरिए मरीजों को इलाज के लिए भेजा जा रहा है। अब तक 170 से अधिक गंभीर मरीजों को पीएमश्री एयर एम्बुलेंस सेवा का लाभ प्राप्त हुआ है। 99 प्रतिशत प्रकरण में मरीजों की जान बचाई गई। वहीं, आयुष्मान कार्डधारकों के लिए यह सेवा नि:शुल्क है।

रीवा से कोलकाता के लिए भी सीधी उड़ान शुरू

बता दें कि नई उड़ान सेवाओं में विंध्य के लिए भी नई सौगात है क्योंकि रीवा से कोलकाता के लिए अब सीधी उड़ान सेवा शुरू हो गई है। राज्य के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि इस उड़ान सेवा से विंध्य क्षेत्र अब भारत के पूर्वी हिस्से से हवाई मार्ग से सीधे जुड़ गया है। यह विंध्य के सभी निवासियों के लिए गर्व का क्षण है। रीवा से कोलकाता के लिए पहली उड़ान 63 यात्रियों के साथ रवाना हुई।

इतना ही नहीं राजेंद्र शुक्ल ने नई उड़ानों को विंध्य क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि विंध्य में कोयला, बिजली और धार्मिक पर्यटन की बड़ी संभावनाएं हैं, लेकिन बेहतर हवाई संपर्क की कमी विकास में रुकावट थी। अब नई उड़ानों से व्यापार और पर्यटन को गति मिलेगी।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close