June 15, 2026 |

BREAKING NEWS

ब्रेकिंगमध्यप्रदेश

Bhopal News: भोपाल में संघ की दो दिवसीय प्रांत बैठक संपन्न, संगठन विस्तार और समाज जागरण पर हुआ मंथन

MP Bhopal News: संघ की बैठक में प्रांत कार्यकारिणी, विभाग कार्यकारिणी और जिला टोली के लगभग 514 दायित्ववान कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

MP Bhopal News: भोपाल। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर संघ कार्य के विस्तार और संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने के उद्देश्य से मध्य भारत प्रांत की दो दिवसीय प्रांत बैठक भोपाल स्थित शारदा विहार में 13 एवं 14 जून को आयोजित की गई। बैठक में संघ कार्य की वर्तमान स्थिति, शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की समीक्षा तथा आगामी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

प्रांत कार्यवाह हेमंत सेठिया ने बताया कि मध्य भारत प्रांत में संघ कार्य अपेक्षा के अनुरूप बढ़ रहा है। वर्तमान में प्रांत के 1730 मंडलों में संघ कार्य संचालित हो रहा है। पिछले वर्ष जहां कुल 3674 शाखाएं लग रही थीं, वहीं अब उनकी संख्या बढ़कर 3957 हो गई है। आगामी वर्ष तक 5000 से अधिक शाखाएं लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

बैठक में प्रांत कार्यकारिणी, विभाग कार्यकारिणी और जिला टोली के लगभग 514 दायित्ववान कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस अवसर पर प्रांत संघचालक अशोक पांडेय एवं सह-प्रांत संघचालक डॉ. राजेश सेठी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के प्रारंभ में दिवंगत कार्यकर्ताओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

हेमंत सेठिया ने बताया कि शताब्दी वर्ष के अंतर्गत विजयादशमी उत्सव, प्रमुखजन गोष्ठियां, व्यापक गृह संपर्क अभियान और सद्भाव बैठकों का आयोजन सफलतापूर्वक किया जा चुका है। अब युवाओं को जोड़ने और अधिकतम स्थानों पर शाखाएं प्रारंभ करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि गृह संपर्क अभियान के दौरान लगभग 80 हजार स्वयंसेवक 27 लाख 46 हजार 780 घरों तक पहुंचे और 15,890 गांवों में संघ का विचार पहुंचाया गया। इसके अलावा प्रांत के 1569 मंडलों और सभी 759 बस्तियों में आयोजित हिंदू सम्मेलनों में लगभग 52 लाख 62 हजार 289 नागरिक शामिल हुए, जिनमें 27 लाख 30 हजार 656 महिलाओं की सहभागिता रही।

प्रांत में सेवा कार्यों का दायरा भी लगातार बढ़ रहा है। पिछले वर्ष तक जहां 2448 सेवा कार्य संचालित हो रहे थे, वहीं अब इनकी संख्या बढ़कर 3100 हो गई है। प्रांत की 1013 सेवा बस्तियों में से 970 सेवा कार्यों से जुड़ चुकी हैं।

बैठक में संघ शिक्षा वर्गों की समीक्षा भी की गई। इस वर्ष आयोजित विभिन्न प्रशिक्षण वर्गों में हजारों स्वयंसेवकों ने भाग लेकर संघ कार्य, व्यक्तित्व विकास और संगठनात्मक कार्यों का प्रशिक्षण प्राप्त किया।

समापन सत्र में सह-सरकार्यवाह अरुण कुमार ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि शताब्दी वर्ष के बाद संघ की नगर, खंड, मंडल और बस्ती स्तर की इकाइयों को और अधिक सक्षम एवं मजबूत बनाना होगा। उन्होंने सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्व-बोध और नागरिक अनुशासन जैसे विषयों पर समाज की सज्जन शक्ति के साथ मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।

बैठक में संगठन विस्तार, समाज जागरण और सेवा कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आगामी रणनीति पर भी व्यापक विचार-विमर्श किया गया।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close