April 22, 2026 |

BREAKING NEWS

देशब्रेकिंग

वोटिंग से एक दिन पहले ममता बनर्जी को सुप्रीम कोर्ट की फटकार, TMC नेताओं पर ED का शिकंजा

Namaskar Madhya Pradesh

Listen to this article

पश्चिम बंगाल में 23 अप्रैल को विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए वोटिंग होने जा रही है। सत्ताधारी दल तृणमूल कांग्रेस और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी चुनाव में जीत का दावा कर रही हैं। हालांकि, वोटिंग से ठीक एक दिन पहले सुप्रीम कोर्ट ने सीएम ममता बनर्जी को कड़ी फटकार लगाई है। सुप्रीम कोर्ट ने कड़ी टिप्पणी करते हुए ये तक कह दिया है कि मुख्यमंत्री लोकतंत्र को खतरे में डाल रही हैं।

सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा?
पश्चिम बंगाल में मतदान से एक दिन पहले सुप्रीम कोर्ट ने ममता बनर्जी को फटकार लगाई है। सुप्रीम कोर्ट ने सख्त टिप्पणी करते हुए कहा कि यह राज्य बनाम केंद्र का विवाद नहीं है, बल्कि एक ऐसा मामला है जहां एक व्यक्ति, जो मुख्यमंत्री हैं, जांच के बीच में हस्तक्षेप कर लोकतंत्र को खतरे में डाल रही हैं। सुप्रीम कोर्ट ने आगे कहा कि हमने कभी नहीं सोचा था कि इस देश में ऐसा दिन भी आएगा जब कोई मुख्यमंत्री जांच के बीच में इस तरह दखल देगा। कोर्ट ने कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने पूरे सिस्टम को खतरे में डाल दिया है।

ED ने तृणमूल के दो उम्मीदवारों को भेजा समन
दूसरी ओर प्रवर्तन निदेशालय यानी ED ने भी तृणमूल कांग्रेस (TMC) के नेताओं के खिलाफ बड़ा कदम उठाया है। ED ने टीएमसी के दिग्गज उम्मीदवारों सुजीत बोस और रथिन घोष को 24 अप्रैल को उनके सामने पेश होने के लिए चौथा समन जारी किया है। आपको बता दें कि सुजीत बोस पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में बिधाननगर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, रथिन घोष मध्यमग्राम सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।

आपको बता दें कि पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के लिए 294 सीटों पर वोटिंग दो चरण में होने जा रही है। पहले चरण का चुनाव 23 अप्रैल को और दूसरे चरण का चुनाव 29 अप्रैल को होगा। पहले चरण में 152 और दूसरे चरण में 142 सीटों पर वोटिंग होगी। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 का रिजल्ट 4 मई को सामने आएगा।


Namaskar Madhya Pradesh

Related Articles

Check Also
Close