
पेशावरः पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के एक पहाड़ी इलाके में एक स्कूल में भीषण आग लग गई। इसकी चपेट में आने से स्कूली छात्राओं की जान मुश्किल में पड़ गई। स्कूल की इमारत से सोमवार को लगभग 1,400 छात्राओं को सुरक्षित बाहर निकाला गया। यह जानकारी मीडिया की एक खबर से मिली। ‘जियो न्यूज’ ने एक बचाव अधिकारी के हवाले से बताया कि आग हरिपुर जिले के सिरिकोट गांव में सरकारी गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल में उस समय लगी जब सैकड़ों छात्राएं अंदर थीं। उन्होंने बताया कि स्थानीय निवासियों के साथ अग्निशमन कर्मियों ने आग बुझाना शुरू किया।




