FIR on Singer Sonu Nigam: नई दिल्ली। फेमस बॉलीवुड सिंगर सोनू निगम एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। सोनू निगम के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई है। सोनू निगम पर कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में हुए एक म्यूजिक कॉन्सर्ट में कन्नड़ भाषा को लेकर कथित रूप से टिप्पणी करने का आरोप है। दरअसल, कॉन्सर्ट के दौरान जब एक दर्शक ने उनसे रुखाई से “कन्नड़! कन्नड़ ओनली!” कहकर गाने की मांग की।
इसका जवाब देते हुए सोनू निगम ने कहा कि, “मैं इस लड़के के जन्म से पहले से कन्नड़ में गा रहा हूं। वह बहुत बद्तमीजी से बोला, यही कारण है कि पहलगाम जैसी घटनाएं होती हैं।” उन्होंने आगे कहा, “ये बंटवारा जो आप लोग कर रहे हैं, वही वजह है उस जैसी घटनाओं की।” यह टिप्पणी वहां मौजूद कई लोगों को नागवार गुजरी और सोशल मीडिया पर भी इसकी तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली।
सोनू निगम पर शिकायतकर्ता ने लगाए ये आरोप
सोनू निगम के खिलाफ FIR दर्ज करवाने वाले धर्मराज ए. ने आरोप लगाया कि, गायक ने कन्नड़ भाषा और कन्नड़ प्रेमियों की भावनाओं का अपमान किया है। शिकायत में कहा गया है कि इस तरह की बयानबाजी से समुदायों के बीच वैमनस्य फैल सकता है और यह भाषाई अस्मिता को चोट पहुंचाने वाला है। धर्मराज की शिकायत के आधार पर बेंगलुरु पुलिस ने सोनू निगम के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। उनके खिलाफ समुदायों में वैमनस्य फैलाने, मानहानि करने और भाषाई भावनाओं को आहत करने के आरोप हैं।




