Crime Latest News : पणजी: गोवा में एक मासूम की हत्या का मामला सामने आया है। हत्या के बाद बच्ची को जमीन में दफना दिया गया। बताया जा रहा है कि किसी तांत्रिक के कहने पर दंपति ने ऐसा किया है। मिली जानकारी के मुताबिक एक दंपति को अपने पड़ोस की पांच साल की बच्ची की हत्या करने और शव को अपने घर के पीछे दफनाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को इस घटना के बारे में जानकारी दी। फिलहाल पुलिस ने दोनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
तांत्रिक ने दी थी बलि की सलाह
अधिकारी के अनुसार, आरोपी बाबासाहेब अलार (52) और उसकी पत्नी पूजा (45) से पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की। इसके बाद उन्होंने पुलिस को बताया कि एक तांत्रिक ने उन्हें परेशानियां खत्म करने के लिए एक बच्चे की बलि देने की सलाह दी थी। पुलिस उपाधीक्षक (पोंडा) शिवराम वैगनकर ने पत्रकारों को बताया कि बच्ची के माता-पिता ने उसके बुधवार से लापता होने की शिकायत की थी। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखने से पता चला कि बच्ची आरोपियों के घर में घुसी थी, लेकिन वापस बाहर नहीं आई।
पूछताछ के दौरान किया खुलासा
इसके बाद जब पुलिस आरोपियों के घर पहुंची तो उनके होश उड़ गए। पुलिस ने पहले पूछताछ के लिए बुलाया। वहीं पूछताछ के दौरान ही दोनों पति-पत्नी ने तांत्रिक के बारे में जानकारी दी। दोनों की कोई संतान नहीं थी। इस वजह से दंपति ने काला जादू करने वाले एक व्यक्ति की सलाह ली। तांत्रिक की सलाह पर ही उन्होंने बच्ची की हत्या की थी, जो बात उन्होंने पुलिस के सामने कबूल कर ली। अधिकारी के अनुसार, दंपति का मानना था कि बच्चे की बलि देने से उनकी समस्याएं खत्म हो जाएंगी। उन्होंने पुलिस को यह भी बताया कि शव को उन्होंने अपने घर के परिसर में ही दफना दिया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों के खिलाफ हत्या और सबूत नष्ट करने का मामला दर्ज कर लिया गया है।




