MP Modi Latest News : महाराष्ट्र में 20 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी चुनाव प्रचार का आगाज कर दिया है। पीएम मोदी ने शुक्रवार को महाराष्ट्र के धुले में चुनावी रैली को संबोधित किया। पीएम मोदी ने सभा में आई जनता आभार जताया और इसके बाद महाविकास अघाड़ी पर जमकर बरसे। पीएम मोदी ने रैली में कहा कि महाराष्ट्र से मैंने जब भी कुछ मांगा है, महाराष्ट्र के लोगों ने दिल खोलकर मुझे अपना आशीर्वाद दिया है।
2014 के विधानसभा चुनाव में आया था- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने जनसभा में कहा कि 2014 के विधानसभा चुनाव में मैं आपके बीच यहां धुले आया था। मैंने आपसे महाराष्ट्र में भाजपा सरकार के लिए आग्रह किया था। आपने महाराष्ट्र में 15 साल के सियासी कुचक्र को तोड़कर भाजपा को अभूतपूर्व जीत दिलाई थी। आज मैं एक बार फिर यहां धुले की धरती पर आया हूं। धुले से ही मैं महाराष्ट्र में चुनाव अभियान की शुरुआत कर रहा हूं।
MVA में ड्राइवर सीट के लिए झगड़ा- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि कुछ लोगों की राजनीतिक का आधार केवल लूट है। महाविकास अघाड़ी की गाड़ी में ड्राइवर सीट के लिए ही झगड़ा है। इनकी गाड़ी में न पहिया न ब्रेक है। ये सत्ता में आकर विकास को ठप्प कर देते हैं। हमारी योजनाएं MVA को बर्दाश्त नहीं है। पीएम मोदी ने कहा कि हम जनता की सेवा के लिए राजनीति में हैं। पीएम मोदी ने कहा कि अगले 5 वर्ष महाराष्ट्र की प्रगति को एक नई ऊंचाई पर ले जाएंगे। महाराष्ट्र को जो सुशासन चाहिए, वो सिर्फ महायुति की सरकार ही दे सकती है।
महायुति का वचननामा शानदार- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने रैली में आए लोगों से कहा कि हम सभी को, भाजपा को महायुति को, महायुति के एक-एक उम्मीदवार को आपका आशीर्वाद चाहिए। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि पिछले 2.5 वर्षों में महाराष्ट्र के विकास को जो गति मिली है, उसे रुकने नहीं दिया जाएगा। पीएम मोदी ने कहा कि महायुति का वचननामा शानदार है, महायुति के संकल्पों की चर्चा हो रही है।
MVA के लोग महिलाओं को गाली दे रहे- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने रैली में कहा कि महाविकास अघाड़ी के लोग महिलाओं को गाली दे रहे हैं। महाराष्ट्र की जनता इन्हें माफ नहीं करेगी। वे महिलाओं को सशक्त नहीं होने देना चाहते हैं। पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि MVA के लोग महिलाओं को नीचा दिखाते हैं। ये लाडली बहना योजना को बंद कर देंगे। कांग्रेस और उसके साथियों ने ठान लिया है कि अगर उन्हें सत्ता मिली, तो सबसे पहले इस योजना को बंद कर देंगे। इसलिए महाराष्ट्र की हर महिला को इन अघाड़ी वालों से सतर्क रहना है। ये लोग कभी नारीशक्ति की सशक्त होते हुए नहीं देख सकते। पीएम मोदी ने धुले की जनसभा में कहा कि विकसित महाराष्ट्र-विकसित भारत के लिए हमारी बहनों-बेटियों का जीवन आसान बनाना, उन्हें सशक्त करना बहुत जरूरी है। जब महिलाएं आगे बढ़ती हैं, तो पूरा समाज तेजी से प्रगति करता है। इसलिए, पिछले 10 वर्षों में केंद्र सरकार ने महिलाओं को केंद्र में रखकर बड़े फैसले लिए हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि पूरा महाराष्ट्र देख रहा है कि कांग्रेस और अघाड़ी वाले लोग अब महिलाओं को किस तरह गाली देने पर उतर आए हैं। कैसी-कैसी अभद्र भाषा, कैसे-कैसे कमेंट, महिलाओं को नीचा दिखाने की कोशिश। महाराष्ट्र की कोई माता-बहन कभी भी अघाड़ी वालों के इस कृत्य को माफ नहीं कर सकती।




