UP Police News : उत्तर प्रदेश पुलिस से जुड़ी बड़ी खबर आई है। आगामी त्योहारों के मद्देनजर प्रदेश के सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियों पर रोक लगा दी गई है। पुलिसकर्मियों को अगले महीने की 8 तारीख तक कोई अवकाश नहीं मिलेगा। हालांकि विशेष परिस्थितियों में पुलिसकर्मियों को छुट्टी जरूर मिल सकती है। इसके लिए उन्हें उच्चाधिकारियों से अनुमति लेनी होगी। इस संबंध में यूपी डीजीपी प्रशांत कुमार ने आदेश जारी कर दिया है। डीजीपी प्रशांत कुमार ने आदेश का सख्ती से पालन कराने के लिए कहा है।
दरअसल देशभर में 3 अक्टूबर से शारदीय नवरात्र का शुभारंभ हो गया है। इस बार शारदीय नवरात्र 3 अक्टूबर से लेकर 11 अक्टूबर तक है। इस दौरान मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की नौ दिन अलग-अलग पूजा होती है। वहीं डीजीपी प्रशांत कुमार की ओर से जारी आदेश कहा गया है कि दुर्गा पूजा, दशहरा, दिवाली और छठ पूजा जैसे महत्वपूर्ण त्योहारों के चलते 8 अक्टूबर से 8 नवंबर तक पुलिसकर्मियों के सभी प्रकार की छुट्टी पर रोक लगा दी गई है। वहीं पुलिसकर्मी विषम परिस्थितियों में उच्चाधिकारियों को सूचित कर और उनकी अनुमति से छुट्टी ले सकते हैं।
बता दें, इससे पहले लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में तैनात पुलिसकर्मियों के सभी तरह के अवकाश 13 अक्टूबर तक कैंसिल कर दिए गए थे। इस संबंध में जेसीपी एलओ अमित वर्मा की ओर से आदेश भी जारी कर दिया गया था। संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था अमित वर्मा की ओर से बताया गया कि इस अवधि में अपरिहार्य परिस्थितियों में छुट्टी मिल सकेंगी। हालांकि इसके लिए पुलिसकर्मी को पुलिस उपायुक्त से स्वीकृत लेनी पड़ेगी।




