Terrorist attack on army vehicle : जम्मू कश्मीर में भारतीय सेना के वाहन पर आतंकी हमला हुआ है। हमले के बाद भारतीय सेना के जवानों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो चुकी है। लोई मराड़ गांव के पास आतंकियों ने सेना के वाहन को निशाना बनाया। इसके बाद जवाबी कार्रवाई करते हुए सेना ने कठुआ जिले के पूरे मचेड़ी इलाके को घेर लिया और आतंकियों की तलाशी की जा रही है। सेना के दो जवानों के भी घायल होने की बात कही जा रही है। सर्च ऑपरेशन जम्मू कश्मीर पुलिस की एसओजी टीम कर रही है। बदनोता गांव में सेना और आतंकियों के बीच एनकाउंटर जारी है। भारतीय सेना पर अटैक मंदिर के 500 मीटर करीब और जिला मुख्यालय से 120 किलोमीटर दूर हुआ।
सूत्रों के मुताबिक 2 से 3 आतंकवादियों ने सेना के वाहन पर हमला किया था। सेना और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो चुकी है। बताया जा रहा है सेना के वाहन पर आतंकियों ने ग्रेनेड के साथ हमला किया था। एक अधिकारी ने बताया कि यह क्षेत्र भारतीय सेना की 9 कोर के अंतर्गत आता है। आतंकियों की फायरिंग के बाद जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की है। जम्मू के जिन इलाकों को आतंकवाद से मुक्त माना जा रहा था। वहां, लगातार आतंकी हमले हो रहे हैं। 9 जून को रईसी में श्रद्धालुओं की बस पर हुए हमले में नौ लोगों की मौत हो गई थी और 33 घाल हुए थे। 12 जून को सुरक्षाबलों ने कठुआ के हीरानगर में दो आतंकियों को मार गिराया था। 26 जून को डोडा जिले में तीन आतंकी मारे गए थे।
छह आतंकी हो चुके हैं ढेर
भारतीय सेना की कार्रवाई में दो दिन के अंदर छह आतंकी ढेर हो चुके हैं। इस दौरान दो जवान भी शहीद हुए हैं। भारतीय सेना, जम्मू कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ सहित संयुक्त बल ने सर्च ऑपरेशन के दौरान आतंकियों के छिपने का खुफिया ठिकाना भी ढूंढ़ निकाला और उसे नष्ट कर दिया। आंतंकियों ने घर की अलमारी के पीछे एक खुफिया कमरा बना रख था, जहां सेना की तलाश तेज होने पर छिपा जा सकता था। इस कमरे का दरवाजा अलमारी के ड्रॉर से खुलता था।
राजौरी में सेना चौकी पर फायरिंग
आतंकियों ने रविवार सुबह राजौरी जिले के एक गांव में सेना चौकी पर फायरिंग की थी। इस दौरान एक जवान घायल हुआ था। अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादियों ने तड़के करीब चार बजे मंजाकोट क्षेत्र के गलुथी गांव में सेना की चौकी पर गोलीबारी की, जिसके बाद जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि आतंकवादियों और जवानों के बीच करीब आधे घंटे तक गोलीबारी हुई, जिसमें सेना का एक जवान घायल हो गया। वहीं, आतंकवादी निकट के जंगल में भाग गए। इसके बाद सेना ने सर्च ऑपरेशन और तेज कर दिया था।




