Vat Savitri Vrat 2024 : हिंदू धर्म में महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए अनेक व्रत करती हैं, वट सावित्री व्रत भी इनमें से एक है। ये व्रत ज्येष्ठ मास की अमावस्या पर किया जाता है। इस व्रत का महत्व अनेक धर्म ग्रंथों में मिलता है। इस व्रत में यमराज, ब्रह्मा, सावित्री आदि देवी-देवताओं की पूजा की जाती है। जानिए साल 2024 में वट सावित्री व्रत कब किया जाएगा।
कब करें वट सावित्री व्रत 2024?
पंचांग के अनुसार, इस बार ज्येष्ठ मास के कृष्ण पक्ष की अमावस्या तिथि 05 जून, बुधवार की शाम 07 बजकर 55 मिनिट से शुरू होगी, जो अगले दिन यानी 06 जून, गुरुवार की शाम 06 बजकर 07 मिनिट तक रहेगी। यानी ज्येष्ठ अमावस्या तिथि 2 दिन रहेगी। चूंकि अमावस्या तिथि का सूर्योदय 6 जून, गुरुवार को उदय होगा, इसलिए इसी दिन वट सावित्री व्रत किया जाएगा।
कौन-कौन से शुभ योग बनेंगे इस दिन?
6 जून, गुरुवार को वट सावित्री व्रत की सुबह थोड़ी देर के लिए सर्वार्थिद्धि योग रहेगा। इसके अलावा इस दिन वृष राशि में सूर्य और गुरु की युति बनेगी, जो शुभ फल देने वाली रहेगी। इसी दिन शनि जयंती का पर्व भी मनाया जाएगा। इन शुभ योगों के चलते ये पर्व और भी खास हो गया है।
वट सावित्री व्रत का महत्व
वट सावित्री व्रत की कथा सावित्री और सत्यवान से जुड़ी है। मान्यता है कि सावित्री अपने पति सत्यवान के प्राण यमराज से भी ले आई थी। तभी से ये व्रत किया जा रहा है। इस दिन बरगद के वृक्ष की पूजा का भी विशेष महत्व है। ऐसा भी कहा जाता है कि इस व्रत को करने से घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है, साथ ही योग्य संतान की प्राप्ति भी होती है।




